भंडारा: स्कूल बचाओ, टैक्स बचाओ! बाचेवाड़ी ग्राम पंचायत की अनूठी पहल; जिप स्कूल में प्रवेश पर 100% कर माफी
बाचेवाड़ी ग्राम पंचायत ने पहली कक्षा में दाखिला कराने वाले अभिभावकों को घर व पानी कर में 100% छूट देने का निर्णय लिया है।
Bhandara Education News: ग्रामीण क्षेत्रों में जिला परिषद स्कूलों के प्रति अभिभावकों का बदलता रुझान अब चिंता का विषय बनता जा रहा है। निजी और अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की ओर बढ़ते आकर्षण के कारण कई जिप स्कूल बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।
इसी पृष्ठभूमि में पवनी तहसील के बाचेवाड़ी ग्राम पंचायत ने एक अनोखी और प्रेरणादायी पहल की है। पंचायत ने निर्णय लिया है कि गांव के जिन अभिभावकों के बच्चे पहली कक्षा में प्रवेश के पात्र हैं और वे उनका दाखिला जिला परिषद स्कूल में कराते हैं, उन्हें एक वर्ष तक घर कर और पानी कर में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी।
स्कूल बचाने की कोशिश
ग्राम पंचायत की मासिक बैठक में पारित इस प्रस्ताव का मुख्य उद्देश्य स्कूल में घटती छात्र संख्या को बढ़ाना और अभिभावकों का विश्वास फिर से कायम करना है। वर्तमान में स्कूल में बेहद कम छात्र संख्या होने के कारण इसके बंद होने का खतरा मंडरा रहा था।
सम्बंधित ख़बरें
धुले डबल मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा, तांत्रिक ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती को उतारा मौत के घाट
राजस्व मंत्री को कागज से हवा देने लगी महिला शहराध्यक्ष, इस व्यवहार पर चंद्रशेखर बावनकुले ने तुरंत लगाया ब्रेक
पालघर में भीषण सड़क हादसा: बारातियों से भरे ट्रक और कंटेनर में भिड़ंत, सड़क पर बिछ गई लाशें, मची चीख-पुकार
मुंबई के 79 पार्षदों की कुर्सी खतरे में? चुनाव को अदालत में चुनौती, RTI के इस बड़े खुलासे से मचा हड़कंप
बदलती सोच, बढ़ती चुनौती
ग्रामीण क्षेत्रों में भी अब अंग्रेजी माध्यम स्कूलों का प्रभाव बढ़ रहा है, जिससे पारंपरिक मराठी माध्यम के जिला परिषद स्कूलों की ओर रुझान घटा है। हालांकि, कई जिप स्कूल आज भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए जाने जाते हैं, लेकिन प्रतिस्पर्धा के चलते उन्हें अस्तित्व का संकट झेलना पड़ रहा है।
अन्य गांवों के लिए मिसाल
करीब सीमित आबादी वाले इस गांव का यह निर्णय न केवल स्थानीय स्कूल को नई संजीवनी देगा, बल्कि अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी एक प्रेरणादायी मॉडल बन सकता है। यह पहल राज्य सरकार द्वारा मराठी स्कूलों को बचाने के प्रयासों को भी जमीनी स्तर पर मजबूती देने का काम करेगी।
