भंडारा में नाबालिग से लूट का पर्दाफाश, 5 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bhandara News: भंडारा पुलिस ने बेला क्षेत्र में नाबालिग से नकद व टैब लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया, पांच आरोपियों को गिरफ्तार, मामला IPC की कई धाराओं में दर्ज।
bhandara-minor-robbery-gang-arrest
गिरफ्तार आरोपियों के साथ पुलिस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bhandara Crime News: भंडारा शहर के बेला क्षेत्र में एक नाबालिग छात्र को धमकाकर नकद राशि और टैब लूटने वाले गिरोह का भंडारा पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही दिनों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, 3 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे बेला निवासी एक अल्पवयस्क छात्र ट्यूशन क्लास समाप्त कर वारको सिटी से भोजापुर मार्ग से घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात आरोपियों ने उसे रोककर गालीगलौज की और मिलकर उससे दस हजार रुपये की मांग की।

आरोपियों ने छात्र की जेब से 300 रुपये और बैग में रखा सैमसंग कंपनी का टैब जबरदस्ती छीन लिया। इतना ही नहीं, अगले ही दिन आरोपियों ने फोन कर फिर से पैसे की मांग की।

पीड़ित की शिकायत पर भंडारा पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 1386/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 126(2), 127(2), 115(2), 352, 308(3), 311(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की।

एक नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त जानकारी के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसमें शुक्रवारी शास्त्री चौक, भंडारा निवासी रोशन बाबुजी लाखडे (29), राकेश मोरेश्वर बनराखे (22), आयुष अनिल दिपटे (21), कमलेश अशोक रामटेके (30) और इंदुरखा निवासी एक नाबालिग है। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी 14 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में हैं।

पुलिस ने सूझबूझ, तत्परता और तकनीकी साधनों के प्रभावी उपयोग से कम समय में ही आरोपी गिरोह को गिरफ्तार किया। साथ ही, पीड़ित छात्र का लूटा गया टैब और नकद राशि भी बरामद की गई है।

उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन, अपर पुलिस अधीक्षक निलेश मोरे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी विलास काले के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक उल्हास भुसारी के नेतृत्व में अपराध प्रकटीकरण विभाग के एपीआई राजेश खांदाडे और उनकी टीम ने की। इस टीम में मोहरकर, कुथे, शेंडे, अंबादे, मस्के, अरबाज खान शामिल थे।

Navbharat Live
navbharatlive.com