Maharashtra HSC Board: भंडारा में पहले दिन अंग्रेजी के पेपर में 179 छात्र नदारद, उड़नदस्तों की पैनी नजर!

Bhandara HSC Board Exam 2026: भंडारा जिले में 12वीं की परीक्षा शुरू। अंग्रेजी पेपर में 17,119 छात्र हुए शामिल, 179 रहे गैरहाजिर। नकल रोकने के लिए 8 विशेष उड़नदस्ते तैनात।
12th Board Exam 2026 starts in Bhandara. 17,119 students appeared for English paper, while 179 remained absent. Zero copy cases reported.
भंडारा जिले में बोर्ड परीक्षा (सौजन्य-नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

12th English Paper Attendance: महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा मंगलवार 10 फरवरी से जिले में प्रारंभ हो गई। पहले ही दिन आयोजित महत्वपूर्ण अंग्रेजी विषय की परीक्षा में जिले के 179 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं परीक्षा को नकलमुक्त बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी द्वारा नियुक्त विशेष उड़नदस्तों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

तहसील-वार उपस्थिति का विवरण

अंग्रेजी विषय की परीक्षा के लिए जिले में कुल 17,298 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 17,119 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 179 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। तहसीलवार आंकड़े इस प्रकार हैं।

तहसील / केंद्र पंजीकृत उपस्थित अनुपस्थित
भंडारा LBSV (1 व 2) 4,998 4,952 46
तुमसर 2,487 2,469 18
साकोली 1,987 1,961 26
लाखनी 2,017 1,982 35
पवनी 2,108 2,091 17
लाखांदुर 1,664 1,649 15
मोहाडी 1,853 1,832 21
गोबरवाही (तुमसर) 184 183 1
कुल 17,298 17,119 179

8 विशेष उड़नदस्ते तैनात

परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला दक्षता समिति के अध्यक्ष ने जिले में वर्ग 1 एवं वर्ग 2 के अधिकारियों की 8 विशेष उड़नदस्तों की नियुक्ति की है। प्रत्येक तहसील के लिए अलग-अलग दल गठित किए गए हैं। हर दल में कम से कम एक महिला अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य की गई है, ताकि निरीक्षण प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

नकलमुक्त अभियान की सख्त अमलदारी

जिले में आयोजित अंग्रेजी पेपर के दौरान एक भी ‘कॉपी केस’ दर्ज नहीं हुआ, जो प्रशासन के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि किसी भी केंद्र पर अनियमितता पाई जाती है तो केंद्राध्यक्ष एवं संबंधित कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सभी उड़नदस्तों को अपने निरीक्षण की स्पष्ट टिप्पणी परीक्षा केंद्रों की अभिप्राय पुस्तिका में दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि, जिले में कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी 2026 से शुरू होगी। तब तक परीक्षा केंद्रों पर सतर्कता के ये आदेश प्रभावी रहेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com