भारी बारिश से भंडारा की सड़कें बनीं तालाब, तकिया वार्ड के व्यापारियों को लाखों का नुकसान

Heavy Rain In Bhandara: भंडारा में लगातार बारिश से कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। खराब सड़कों, गड्ढों और कमजोर जलनिकासी व्यवस्था के कारण लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
bhandara heavy rain waterlogging road condition news
भंडारा जलभराव- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Bhandara Waterlogging: भंडारा शहर में सुबह से शुरू हुई रिमझिम और लगातार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने से नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लगातार बारिश के कारण कई सड़कों ने तालाब का रूप ले लिया है, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतें आ रही हैं। शहर के मुख्य मार्गों पर पानी जमा होने के कारण वाहन चालकों को संभलकर चलना पड़ रहा है।

बारिश के चलते पहले से खराब सड़कों की स्थिति और बिगड़ गई है। जगह-जगह बने गड्डों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को गहराई का अंदाजा नहीं लग पा रहा है। सड़क निर्माण के दौरान डाली गई गिट्टी और कांक्रीट भी पानी के तेज बहाव में बह गई, जिससे कई गड्ढे और गहरे हो गए हैं। मुस्लिम लाइब्रेरी चौक पर सड़क के गड्ढे में कार फंसने की घटना सामने आई। शहर के मध्यवर्ती क्षेत्रों में सड़कों की खराब स्थिति को लेकर नागरिकों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।

व्यापारियों को सामान बचाने की नहीं मिला मौका

बारिश का सबसे अधिक असर तकिया वार्ड के व्यापारियों पर पड़ा है। अधूरी सड़क निर्माण परियोजना और जलनिकासी की समस्या के कारण कई दुकानों और गोदामों में पानी घुस गया। अचानक पानी भरने से व्यापारियों को सामान बचाने का भी मौका नहीं मिल पाया। पानी भरने से दुकानों का फर्नीचर, अलमारियां और गोदामों में रखा सामान खराब हो गया। व्यापारियों ने प्रशासनिक लापरवाही के कारण लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया है।

सीवरेज और जलापूर्ति कार्यों पर उठे सवाल

शहर के निचले इलाकों में जलभराव की समस्या गंभीर बनी हुई है। ड्रेनेज व्यवस्था कमजोर होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है, जिससे गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा है। इससे नागरिकों को आर्थिक नुकसान के साथ स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी खतरा बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सीवरेज और जलापूर्ति योजनाओं के कार्य धीमी गति से चल रहे है। बारिश के मौसम में हर साल जलभराव की समस्या सामने आने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। नागरिकों ने प्रशासन से जलनिकासी व्यवस्था सुधारने और अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है।

Navbharat Live
navbharatlive.com