भंडारा के गिफ्ट सेंटर में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

Bhandara News: भंडारा के गांधी चौक स्थित तिरुपति गिफ्ट सेंटर में आग लग गई। इससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दमकल की त्वरित कार्रवाई से अन्य दुकानों को बचाया गया, शॉर्ट सर्किट कारण माना जा रहा है।
bhandara-gandhi-chowk-tirupati-gift-center-fire due to short circuit
गिफ्ट सेंटर में लगी आग (फोटो: IANS)
Updated on

Bhandara Gift Centre Fire News: महाराष्ट्र के भंडारा शहर के व्यस्त गांधी चौक में शनिवार देर रात तिरुपति गिफ्ट सेंटर में अचानक आग लग गई, जिससे दुकानदार को लाखों रुपये का भारी नुकसान हुआ। आग की लपटें देख आसपास के लोगों ने तुरंत दुकानदार और नगर निगम की दमकल टीम को सूचित किया। दमकलकर्मी मौके पर पहुंचकर लंबी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफल रहे।

दमकल की त्वरित कार्रवाई से पास-पड़ोस की दुकानें आग की चपेट में आने से बच गईं। हालांकि, तिरुपति गिफ्ट सेंटर पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

लाखों का सामान जलकर खाक

घटना की सूचना पाते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और दुकानदार से पूछताछ की। दुकान में रखे गिफ्ट आइटम, सजावटी सामान और अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। दुकानदार ने बताया कि रात को दुकान बंद करने के समय सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक आग लगने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

आसपास की दुकानों में लग सकती थी आग

स्थानीय निवासी और व्यापारी भंडारा नगर निगम की दमकल टीम की तारीफ कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंच सकता था। यह क्षेत्र शहर का मुख्य बाजार है, जहां दुकानें एक-दूसरे के सटे हुए हैं, जिससे आग फैलना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।

प्रशासन ने इस घटना के बाद अन्य दुकानदारों को सतर्क रहने और बिजली उपकरणों की नियमित जांच करने की सलाह दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शॉर्ट सर्किट की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोग और व्यापारी सतर्क हो गए हैं और बाजार में सुरक्षा उपायों को बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Navbharat Live
navbharatlive.com