भंडारा के 23 हजार से अधिक किसानों का कर्ज माफ! चौथे चरण में अहिल्यादेवी होलकर योजना से खातों में पहुंचे 157Cr

Bhandara Farmer Loan Waiver: भंडारा जिले में किसान कर्जमुक्ति योजना के तहत 23,658 किसानों को 157.35 करोड़ रुपये मिले। चौथे चरण में 2,736 किसानों के लिए 20.16 करोड़ जारी, आधार प्रमाणीकरण की अपील।
Bhandara Ahilyadevi Holkar Farmer Loan Waiver
भंडारा अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्ज माफीसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना के तहत भंडारा जिले के किसानों को राहत।

  • अब तक 23,658 किसानों के कर्ज खातों में 157.35 करोड़ रुपये जमा।

  • चौथे चरण में 2,736 किसानों के लिए 20.16 करोड़ रुपये जारी।

  • सहकारी बैंकों के जरिए 19,994 और राष्ट्रीयकृत व वाणिज्यिक बैंकों से 3,664 किसानों को लाभ।

  • पात्र किसानों से जल्द आधार प्रमाणीकरण पूरा करने की अपील।

Bhandara Ahilyadevi Holkar Farmer Loan Waiver: महाराष्ट्र सरकार की पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना के तहत भंडारा जिले के 23,658 किसानों को अब तक 157.35 करोड़ रुपये की कर्जमाफी मिली है। चौथे चरण में 2,736 किसानों के लिए 20.16 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। पात्र किसानों से आधार प्रमाणीकरण जल्द पूरा करने की अपील की गई है।

23,658 किसानों को राहत

भंडारा, महाराष्ट्र सरकार की पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना के तहत भंडारा जिले के हजारों किसानों को बड़ी राहत मिली है। जिले के अब तक 23,658 बकायादार किसानों के कर्ज खातों में कुल 157.35 करोड़ रुपये की कर्जमाफी राशि जमा कराई गई है। वहीं, योजना के चौथे चरण में 2,736 किसानों के लिए 20.16 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है।

सहकार, पणन एवं वस्त्रोद्योग विभाग के 2 जून 2026 के शासन निर्णय के अनुसार यह योजना लागू की गई है। इसके लिए महाआईटी के माध्यम से विकसित पोर्टल पर जिले के 30,594 कर्ज खातों की जानकारी अपलोड की गई थी। कंप्यूटरीकृत जांच के बाद योजना के निर्धारित मापदंडों के अनुसार 27,645 किसानों की पात्र सूची जारी की गई है।

Bhandara Ahilyadevi Holkar Farmer Loan Waiver
बेमौसम बारिश से किसानों की दिवाली फीकी! गड़चिरोली में कटी फसल भीगी; धान की फसल बर्बाद

चौथे चरण में 20.16 करोड़

4 नवंबर 2026 को भंडारा जिले के 2,736 बकायादार किसानों के लिए शासन से 20.16 करोड़ रुपये की कर्जमाफी राशि प्राप्त हुई। जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के माध्यम से चार चरणों में अब तक 19,994 किसानों के कर्ज खातों में 126.68 करोड़ रुपये जमा कराए गए हैं।

इसमें पहले चरण में 11,045 किसानों को 69.84 करोड़, दूसरे चरण में 6,466 किसानों को 40.41 करोड़, तीसरे चरण में 919 किसानों को 6.49 करोड़ और चौथे चरण में 1,564 किसानों को 9.95 करोड़ रुपये वितरित किए गए।

Bhandara Ahilyadevi Holkar Farmer Loan Waiver
Road Accident: समृद्धि महामार्ग पर बड़ा हादसा! गश्त कर रही पुलिस वैन को दोहरी टक्कर, 3 पुलिसकर्मी घायल

राष्ट्रीयकृत बैंकों के 3,664 लाभार्थी

राष्ट्रीयकृत एवं वाणिज्यिक बैंकों के माध्यम से चार चरणों में 3,664 किसानों के कर्ज खातों में कुल 30.67 करोड़ रुपये जमा कराए गए हैं। इसमें पहले चरण में 651 किसानों को 5.42 करोड़, दूसरे चरण में 736 किसानों को 5.56 करोड़, तीसरे चरण में 1,105 किसानों को 9.48 करोड़ और चौथे चरण में 1,172 किसानों को 10.21 करोड़ रुपये दिए गए।

इस तरह दोनों बैंकिंग श्रेणियों को मिलाकर जिले के 23,658 किसानों को 157.35 करोड़ रुपये की कर्जमाफी का लाभ मिला है।

आधार प्रमाणीकरण जल्द पूरा करें

प्रशासन ने पात्र लाभार्थियों की सूची में शामिल उन किसानों से जल्द आधार प्रमाणीकरण कराने की अपील की है, जिन्होंने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है। ऐसे किसान अपने नजदीकी आपले सरकार सेवा केंद्र में जाकर आधार प्रमाणीकरण करा सकते हैं।

प्रक्रिया पूरी होने के बाद योजना के निर्धारित मापदंडों के अनुसार कर्जमाफी की राशि सीधे संबंधित किसान के कर्ज खाते में जमा की जाएगी। जिलाधिकारी और जिला उपनिबंधक, सहकारी संस्थाओं ने पात्र किसानों से समय पर प्रमाणीकरण कराकर योजना का लाभ लेने का आह्वान किया है।