237 केंद्रों पर धान की सरकारी खरीद शुरू, फसल नुकसान के बाद किसानों को मिला सहारा

Bhandara Paddy Procurement: भंडारा जिले में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत 237 केंद्रों पर सरकारी एमएसपी पर धान खरीद शुरू हो गई है, जिससे फसल नुकसान झेल रहे किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
237 केंद्रों पर धान की सरकारी खरीद शुरू
237 केंद्रों पर धान की सरकारी खरीद शुरू (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bhandara News: धान का भंडार कहलाने वाले भंडारा जिले में किसानों की लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार सरकारी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई है। खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत इस वर्ष जिले में कुल 227 संस्थाओं के माध्यम से 237 धान खरीद केंद्र सक्रिय किए गए हैं। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा में पंजीकरण कर योजना का लाभ उठाएं।

इस वर्ष भारी बारिश, बाढ़ की स्थिति और अंतिम चरण में हुई बेमौसम बरसात के कारण धान फसल को भारी नुकसान हुआ। उत्पादन में आई गिरावट से किसानों की आर्थिक स्थिति काफी प्रभावित हुई। धान कटाई के बाद भी लंबे समय तक एमएसपी केंद्र शुरू न होने के चलते किसानों को मजबूरन निजी व्यापारियों को कम कीमत पर धान बेचना पड़ा।

धान खरीद सुचारू रूप से जारी

मार्केटिंग फेडरेशन ने केंद्र शुरू करने की अनुमति तो दी थी, लेकिन कठोर शर्तों के कारण कई संस्थाओं ने शुरुआत में केंद्र संचालन को लेकर अनिश्चितता जताई। इससे खरीद प्रक्रिया में देरी हुई। अब जिला मार्केटिंग कार्यालय के अनुसार, सभी 237 केंद्र चालू हो चुके हैं और धान खरीद सुचारू रूप से जारी है। धान खरीद पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 दिसंबर कर दी गई है।

बारदाना पंजीयन अनिवार्य

प्रत्येक केंद्र पर उपलब्ध बोरी/बारदाने की संख्या को तुरंत ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। पंजीकृत बारदाने की उपलब्धता के आधार पर ही धान खरीद जारी रखी जाएगी। ऐसे स्पष्ट निर्देश प्रशासन ने जारी किए हैं। सरकारी खरीद शुरू होने के बावजूद कई महत्वपूर्ण चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं। खरीद बढ़ने के साथ बारदाने की मांग भी बढ़ेगी और समय पर पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराना बड़ी जिम्मेदारी होगी। साथ ही, खरीदे गए धान का भुगतान किसानों के बैंक खातों में समय पर जमा होना आवश्यक है, ताकि किसान अपनी आगामी आर्थिक योजनाएँ बना सकें।

Navbharat Live
navbharatlive.com