Bhandara News: भंडारा में भाजपा-शिंदे गुट आमने-सामने, विधायक नरेंद्र भोंडेकर पर विकास निधि रोकने का आरोप

Bhandara Mahayuti Dispute: भंडारा में विकास निधि को लेकर भाजपा और विधायक नरेंद्र भोंडेकर के बीच विवाद बढ़ गया है। भाजपा नेताओं ने निधि रोकने और दुरुपयोग के आरोप लगाए।
bhandara development fund dispute bjp narendra bhondekar
भंडारा विकास निधि विवाद(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bhandara Development Fund Dispute: महायुति के दो प्रमुख घटक दलों भाजपा और शिंदे गुट की शिवसेना के बीच भंडारा में राजनीतिक खींचतान तेज होती दिखाई दे रही है। मंगलवार दोपहर सर्किट हाउस में नगराध्यक्ष मधुरा मदनकर, पार्षदों और भाजपा संगठन के पदाधिकारियों ने स्थानीय विधायक नरेंद्र भोंडेकर के विरुद्ध पत्रकार वार्ता कर विकास निधि रोकने, मंजूर कार्यों को अन्यत्र स्थानांतरित करने और निधि दुरुपयोग के आरोप लगाए।

नगराध्यक्ष मधुरा मदनकर ने कहा कि नगर परिषद की जिम्मेदारी संभालने के समय विकास निधि के नाम पर कुछ उपलब्ध नहीं था। शहर के लिए पहले से मंजूर 17 करोड़ रुपए के कार्यों को विधायक नरेंद्र भोंडेकर ने पवनी तालुका संकुल के लिए स्थानांतरित कराया। इसके कारण प्रशासक के कार्यकाल में प्रस्तावित 100 से अधिक शहर विकास कार्य नहीं हो सके।

जनता को भुगतना पड़ रहा खामियाजा

इनमें शहर की सड़क, गड्डों की मरम्मत और नाली निर्माण जैसे नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल थे। मदनकर ने कहा कि इसका खामियाजा भंडारा की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि बीटीबी मंडी से अस्पताल तक सड़क निर्माण का ठेका आर्य कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया था। मौके पर विक्की रावलानी ने कार्य पर अपना अधिकार जताया, नगर परिषद ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है और शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। पार्षद भगवान बावनकर ने आरोप लगाया कि नगर परिषद चुनाव में मिली हार का बदला विधायक भोंडेकर अब भी भंडारा की जनता से ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास निधि लाना विधायक की जिम्मेदारी है, जबकि नगर परिषद के विकास का नियोजन नगराध्यक्ष का अधिकार है।

सरकारी निधि का दुरुपयोग

जैकी रावलानी जिला नियोजन समिति सदस्य भाजपा नेता जैकी रावलानी ने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने करीब 22 करोड़ रुपए के सड़क कार्य मंजूर किए। इनमें 14 करोड़ रुपए का शास्त्री चौक-तुमसर रोड मार्ग, 3.25 करोड़ रुपए का शीतला माता मंदिर मार्ग और करीब 4.30 करोड़ रुपए के सिरसी गांव के सड़क कार्य शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सिरसी गांव के नाम पर स्वीकृत निधि का उपयोग भोंडेकर मेडिकल कॉलेज की 40 एकड़ भूमि के भीतर सड़क निर्माण में किया गया, जो पद के दुरुपयोग का मामला है।

रावलानी ने भोंडेकर मेडिकल कॉलेज के निर्माण को भी कथित रूप से अवैध बताते हुए सरकार और न्यायालय में शिकायत करने की बात कही। प्रशासक के चार वर्ष के कार्यकाल में नगर परिषद के अधिकांश निर्माण कार्य आर्य कंस्ट्रक्शन के साथ संयुक्त उपक्रम में श्रीहन इंफ्रा द्वारा किए गए, जिसे उन्होंने भोंडेकर परिवार की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी की ये और खर्च में जमीन आसमान का फर्क है और वे जल्द ही कंपनी की बैलन्स शीट लोगों के सामने उजागर करेंगे।

bhandara development fund dispute bjp narendra bhondekar
Golden Ganpati: 2 करोड़ के गोल्डन गणपति, जालना में निकली भव्य रथ यात्रा,आतिशबाजी से भक्त मंत्रमुग्ध

बाज आयें: बांते

जिला परिषद में भाजपा के गट नेता विनोद बांते ने विधायक भोंडेकर को चेतावनी देते हुए कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाजपा नेताओं के विरुद्ध गलत बयानबाजी बंद करें, अन्यथा वरिष्ठ महायुति नेताओं से शिकायत की जाएगी। पत्रकार वार्ता में शहर अध्यक्ष सचिन कुंभलकर, अधिवक्ता कैलाश भूरे, सचिन घनमारे, नितिन गायधनी, नीतीश डोकरीमारे, ब्राह्मणकर, नगर परिषद उपाध्यक्ष चंद्रकला भोपे और रीना चड्डा उपस्थित थे।

सभी आरोप तथ्यहीन: नरेंद्र भोंडेकर

विधायक नरेंद्र भोंडेकर ने आरोपों को पूरी तरह तथ्यहीन बताया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज परिसर में शासन की निधि से कोई सड़क नहीं बनाई गई है, भंडारा के विकास के लिए लाई गई निधि को नगर परिषद की नई समिति जनता के कार्यों पर खर्च करने के बजाय गलत तरीके से उपयोग कर रही थी। इसलिए निधि को रोककर जनता के विकास कार्यों के लिए स्थानांतरित किया गया। भोंडेकर ने कहा कि उनके पास सभी संबंधित कानूनी दस्तावेज उपलब्ध है और सत्य के सामने लगाए गए आरोप टिक नहीं पाएंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com