भंडारा जिले की 3 तहसीलें पवनी, लाखांदुर और भंडारा सूखाग्रस्त घोषित; तुमसर, मोहाडी समेत 4 तहसीलें बाहर

Bhandara Drought Trigger 1: भंडारा जिले की भंडारा, पवनी और लाखांदूर तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। जिले में सामान्य से कम 73.4% बारिश हुई। किसानों के लिए कई राहत उपाय घोषित किए गए हैं।
Bhandara Drought, Farmer Relief
भंडारा की 3 तहसीलें सूखाग्रस्त घोषितसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Bhandara Drought, Farmer Relief: राज्य सरकार ने बारिश में कमी और सूखे के विभिन्न सूचकांकों के आधार पर भंडारा जिले की भंडारा, पवनी और लाखांदूर तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया है।

तुमसर, मोहाड़ी, साकोली और लाखनी सूची से बाहर हैं। जिले में जून से सितंबर 2026 के दौरान सामान्य 1,157 मिमी के मुकाबले 849.5 मिमी यानी 73.4 प्रतिशत बारिश हुई।

जिले की 3 तहसीलें सूखाग्रस्त

भंडारा बारिश में कमी, लंबे अंतराल और सूखे के विभिन्न सूचकांकों के आधार पर राज्य सरकार ने राज्य की 358 में से 265 तहसीलों में ट्रिगर-1 लागू कर सूखाग्रस्त स्थिति घोषित की है। इसमें भंडारा जिले की भंडारा, पवनी और लाखांदूर तहसीलों को शामिल किया गया है।

वहीं तुमसर, मोहाड़ी, साकोली और लाखनी तहसीलों को इस सूची से बाहर रखा गया है। बारिश में कमी का असर खरीफ फसलों पर भी दिखाई दे रहा है। जिले में खरीफ फसलों की बुआई का रकबा बड़ा होने के बावजूद खड़ी फसलों पर जल संकट मंडरा रहा है।

औसत की तुलना में सिर्फ 73.4% बारिश

जून से सितंबर 2026 के दौरान भंडारा जिले में औसतन 1,157 मिमी बारिश अपेक्षित थी, लेकिन अब तक केवल 849.5 मिमी यानी 73.4 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। तहसीलवार बारिश में भी काफी अंतर देखने को मिला है।

पवनी में 696 मिमी यानी 62.1 प्रतिशत, लाखांदूर में 797.8 मिमी यानी 74.2 प्रतिशत और भंडारा में 847.1 मिमी यानी 73.8 प्रतिशत बारिश हुई है। तुमसर में 838.5 मिमी (77.7%), मोहाड़ी में 878.2 मिमी (83.7%), लाखनी में 919.3 मिमी (85.2%) और साकोली में 1,137.4 मिमी (90.7%) बारिश दर्ज की गई।

1.98 लाख हेक्टेयर में खरीफ की बुआई

जिले की सातों तहसीलों में कुल 1,98,462.59 हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की बुआई की गई है। धान की रोपाई का लक्ष्य 1,74,985 हेक्टेयर था, जबकि इसके मुकाबले 1,83,184.21 हेक्टेयर यानी 105 प्रतिशत क्षेत्र में रोपाई की गई है। हालांकि बारिश की कमी के कारण अब फसलों के लिए पानी की उपलब्धता चिंता का विषय बनी हुई है।

Bhandara Drought, Farmer Relief
नागपुर: रामटेक में हुआ बड़ा हादसा, तालाब में डूबने से 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत, घटना से इलाके में सनसनी फैल गई

59 तालाबों में 72.24% जलसंग्रह

जिले के जलस्रोतों में भी अपेक्षाकृत कम जलसंग्रह दर्ज किया गया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 59 तालाबों और जल परियोजनाओं में कुल 72.24 प्रतिशत जलसंग्रह उपलब्ध है। खानधड़ी परियोजना में 36.70 प्रतिशत, मध्यम परियोजनाओं में 59.70 प्रतिशत, लघु परियोजनाओं में 68.89 प्रतिशत और पूर्व मालगुजारी तालाबों में 19.30 प्रतिशत जलसंग्रह बताया गया है।

Bhandara Drought, Farmer Relief
गणेश विसर्जन के बहाने सियासी शक्ति प्रदर्शन? छत्रपति संभाजीनगर में विसर्जन पर दिखा राजनीति का रंग

पंचनामा जल्द, इसके बाद मुआवजा

जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि सूखाग्रस्त स्थिति की वस्तुनिष्ठ समीक्षा के आधार पर पंचनामा कार्रवाई जल्द पूरी की जाएगी। फसलों का प्रत्यक्ष निरीक्षण, नुकसान की प्रविष्टि और किसानों को आवश्यक सहायता के साथ पेयजल, चारा और रोजगार से जुड़े उपायों के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।

सूखाग्रस्त घोषित तहसीलों में भू-राजस्व में छूट, फसल ऋण का पुनर्गठन, कृषि ऋण वसूली पर रोक, कृषि पंपों के बिजली बिल में राहत, परीक्षा शुल्क में छूट, मनरेगा के कामों में तेजी, जरूरत के अनुसार टैंकरों से पानी और चारे की व्यवस्था जैसी राहत दी जाएगी। फसल नुकसान का वित्तीय मुआवजा पंचनामा प्रक्रिया पूरी होने के बाद घोषित किया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com