

Bhandara Medical College: छत्तीसगढ़ से अपने परिवार के साथ काम की तलाश में मौदा तालुका आई एक 15 साल की नाबालिग लड़की की भंडारा के सरकारी मेडिकल कॉलेज में बच्चे को जन्म देने के बाद मौत हो गई। यह घटना मंगलवार (22 सितंबर) को हुई। हालांकि, उसका नवजात बच्चा स्वस्थ है और उसका वजन तीन kg है।
यह परिवार पिछले कुछ महीनों से मौदा तालुका के अरोली इलाके में रह रहा था। उसी इलाके का रहने वाला 21 साल का कार्तिक अर्जुन कुर्वे भी वहीं रहता था। एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जानने के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई। पुलिस ने बताया कि दोस्ती प्रेमसंबंध में तब्दिल होने के बाद नाबालिग लड़की प्रेग्नेंट हो गई।
सोमवार को लड़की को प्रसव पीड़ा होने के बाद उसके परिवार ने उसे भंडारा गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। मंगलवार को उसकी डिलीवरी हुई। हालांकि, उसके बाद उसकी हालत कॉम्प्लिकेटेड हो गई।
जब लड़की को डिलीवरी के लिए अस्पताल लाया गया तो कार्तिक कुर्वे भी उसके साथ आया था। लड़की की मौत के बाद पुलिस स्टेशन में मौत का मामला दर्ज किया गया। चूंकि मामला अरोली पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए यहां की पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद अरोली पुलिस ने कार्तिक कुर्वे को गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि नाबालिग मां की मौत हो गई है, लेकिन उसका बच्चा स्वस्थ है। वह अभी भंडारा हॉस्पिटल की नर्सरी में मेडिकल देखरेख में है। बच्चे का वज़न तीन किलो बताया जा रहा है। अब आगे नाबालिग के प्रेमी पर पुलिस क्या कारवाई करती है यह देखने वाली बात होगी।