दोस्ती में खूनी अंजाम! भंडारा में 16 वर्षीय स्कूली छात्र का कत्ल, वारदात के बाद आरोपी ने किया सरेंडर

Bhandara City Murder News: भंडारा में 16 वर्षीय 9वीं कक्षा के छात्र अंशु येरकड़े की चाकू से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी नाबालिग खुद भंडारा शहर थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया।
Bhandara City Nehru Garden News
भंडारा के नेहरू गार्डन के पास स्कूली छात्र की हत्या के बाद घटनास्थल पर जांचसोर्स-सोशल मीडिया
Updated on

Bhandara City Nehru Garden News: शांत शहर की पहचान रखने वाले भंडारा में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच सोमवार 18 अगस्त को एक 16 वर्षीय स्कूली छात्र की चाकू से हत्या कर दी गई। घटना शाम करीब 5 बजे मेंढा क्षेत्र के नेहरू गार्डन के पास हुई। मृतक की पहचान अंशु येरकड़े के रूप में हुई है।

वह शहर के भागीरथा भास्कर विद्यालय में कक्षा 9वीं में पढ़ता था। हत्या का आरोप एक अल्पवयस्क छात्र पर है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों एक-दूसरे के मित्र बताए जा रहे हैं। घटना के बाद आरोपी स्वयं भंडारा शहर पुलिस थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया।

पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद

बताया गया कि अंशु सोमवार को स्कूल से घर लौट रहा था। इसी दौरान नेहरू गार्डन के पास उसकी आरोपी छात्र से मुलाकात हुई। दोनों के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर बातचीत शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के बीच 26 जनवरी को किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे से बातचीत बंद कर दी थी। सोमवार को मुलाकात के दौरान पुरानी बातों को लेकर फिर विवाद शुरू हुआ।

जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान अंशु के पास चाकू था और वह वार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान आरोपी और उसके साथ मौजूद मित्रों ने कथित तौर पर उससे चाकू छीन लिया। इसके बाद उसी चाकू से अंशु पर लगातार वार किए गए। गंभीर रूप से घायल अंशु की मौत हो गई। घटनास्थल पर उसका स्कूल बैग भी पड़ा मिला, जिससे घटना के समय उसके स्कूल से घर लौटने की जानकारी सामने आई।

Bhandara City Nehru Garden News
नवेगांव-नागझिरा में भालू के हमले से वनपाल की मौत के बाद एक्शन में वनमंत्री, गश्ती दलों को मिलेंगे हथियार-गियर

आरोपी ने थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण

घटना के बाद आरोपी स्वयं भंडारा शहर पुलिस थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी पुलिस थाने पहुंचे और मामले को लेकर जवाब मांगने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ समय के लिए पुलिस थाने परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

भंडारा पुलिस घटना के कारणों के साथ-साथ वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। नाबालिग आरोपी के साथ मौजूद बताए जा रहे मित्रों से भी पूछताछ किए जाने की संभावना है। घटना के बाद नेहरू गार्डन और आसपास के क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।

क्राइम हॉट स्पॉट को लेकर नागरिकों में नाराजगी

स्कूली छात्र की हत्या की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नागरिकों की चिंता फिर बढ़ा दी है। शहर के शुक्रवारी, मेंढा, शास्त्री चौक, आंबेडकर वार्ड, हॉस्पिटल चौक और टप्पा मोहल्ला जैसे क्षेत्रों में शाम के समय असामाजिक गतिविधियों को लेकर नागरिकों द्वारा समय-समय पर सवाल उठाए जाते रहे हैं। नागरिकों का आरोप है कि कुछ स्थानों पर शराब, बीयर और गांजे की कथित बिक्री व सेवन जैसी गतिविधियां होती हैं।

पिछले आठ दिनों में विघ्नहर्ता होटल के सामने दिनदहाड़े हत्या के प्रयास की घटना भी सामने आने की जानकारी है। वहीं करीब 15 दिन पहले साढ़े तीन वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की घटना ने भी शहर को झकझोर दिया था। लगातार घटनाओं के बीच अब स्कूली छात्र की हत्या से अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है। नागरिकों ने शहर में नशीले पदार्थों की कथित गतिविधियों और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कड़ी कार्रवाई तथा संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Navbharat Live
navbharatlive.com