वाल्मिक कराड के खिलाफ व्हाट्सऐप चैट…बजरंग सोनवणे ने किया खुलासा, अमित शाह को लिखा लेटर
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) नेता और बीड से सांसद बजरंग सोनवणे ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि मंत्री धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी वाल्मिक कराड को जेल में विशेष सुविधाएं मिल रही हैं।
- Written By: प्रिया जैस
वाल्मिक कराड (सौजन्य-सोशल मीडिया)
मुंबई: महाराष्ट्र का बीड जिला वर्तमान में चर्चा का विषय बना हुआ है। मस्साजोग सरपंच संतोष देशमुख हत्याकांड में आरोपी वाल्मिक कराड जेल में बंद है। इस बीच शरद पवार गुट के नेता ने खुलासा किया है कि वाल्मिक कराड को जेल में तरह-तरह की सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। इसके खिलाफ उन्होंने शिकायत भी की है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) नेता और बीड से सांसद बजरंग सोनवणे ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि मंत्री धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी वाल्मिक कराड को जेल में विशेष सुविधाएं मिल रही हैं। कराड सरपंच संतोष देशमुख की हत्या से जुड़े जबरन वसूली मामले में जेल में है।
अमित शाह को लिखेंगे पत्र
सोनवणे ने यह भी कहा कि वह बीड जेल में कराड को दी जा रही विशेष सुविधा के बारे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखेंगे। सोनवणे ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘ राकांपा (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले और मैं अमित शाह से मिलकर आरोपी वाल्मिक कराड को जेल में मिल रही विशेष सुविधाओं के बारे में उन्हें जानकारी देंगे। उसके खिलाफ जबरन वसूली के गंभीर आरोप हैं। अगर ऐसे आरोपी के साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है तो यह देश और कानून के लिए अच्छा नहीं है।”
सम्बंधित ख़बरें
विलास घुले मर्डर केस में बड़ा मोड़: सांसद के बेटे पर आरोप, सौरभ सोनवणे ने वीडियो जारी कर दी सफाई
बीड विलास घुले हत्याकांड: 9 घंटे पुलिस स्टेशन के सामने रखा शव, CM फडणवीस ने आधी रात किया फोन, जानें पूरा मामला
मराठवाड़ा में पानी का संकट भयावह, बीड के अधिकांश जलाशय खाली; प्रशासन ने पानी चोरी पर दी एफआईआर की चेतावनी
बीड नाव हादसे में एक महिला की मौत, ओवरलोडिंग बनी दुर्घटना की वजह, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
उन्होंने कहा, ‘‘ पहले भी मैंने मामले की जांच और कराड को दी जा रही सुविधाओं के बारे में अमित शाह को पत्र लिखा था। मैं इस मुद्दे पर उन्हें और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखूंगा।” उन्होंने कहा मेरे पास इससे संबंधित कुछ व्हाट्सऐप चैट और अन्य सबूत हैं, लेकिन इस समय मीडिया के साथ साझा करना उचित नहीं है।
कृष्णा अंधाले अब तक फरार
बीड जिले से लोकसभा चुनाव में भाजपा नेता पंकजा मुंडे को हराने वाले सोनवणे ने कहा कि कराड पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत आरोप हैं। सरपंच देशमुख को कथित तौर पर बीड में एक ऊर्जा कंपनी को निशाना बनाकर की जा रही जबरन वसूली की कोशिश को रोकने पर अगवा कर लिया गया, प्रताड़ित किया गया और उनकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया लेकिन मुख्य आरोपी कृष्णा अंधाले अब भी फरार है।
महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
सरपंच की हत्या से जुड़े जबरन वसूली के मामले में कराड की गिरफ्तारी के बाद मंत्री मुंडे विपक्ष और महायुति के कुछ सहयोगियों की आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। हालांकि, मुंडे ने कहा है कि उनका सरपंच मामले से कोई संबंध नहीं है। महाराष्ट्र सरकार ने इस मामले में जाने-माने वकील उज्ज्वल निकम को विशेष सरकारी वकील नियुक्त किया है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
