‘स्वस्थ समृद्ध गांव’ अभियान को बड़ी सफलता: संभाजीनगर की सभी 878 ग्राम पंचायतों ने कराया रजिस्ट्रेशन
Sambhajinagar Health Campaign: छत्रपति संभाजीनगर की सभी 878 ग्राम पंचायतों ने 'स्वस्थ समृद्ध गांव' अभियान में पंजीकरण कराया है। इसके तहत जून में योग प्रशिक्षण, पौधारोपण और स्वास्थ्य जांच शिविर होंगे
- Written By: रूपम सिंह
स्वास्थ्य जांच शिविर (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Chhatrapati Sambhajinagar Swasth Samruddh Gaon: राज्य सरकार के ‘मेरा गांव-स्वस्थ समृद्ध गांव’ अभियान को जिले में व्यापक समर्थन मिल रहा है व जिले की सभी 878 ग्राम पंचायतों ने उक्त मुहिम के लिए पंजीकरण कराया है। ग्रामीण स्तर पर स्वस्थ वातावरण निर्माण के उद्देश्य से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। मई के अंत तक तहसील, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व उपकेंद्र स्तर पर कुल 365 स्वास्थ्य सम्मेलन आयोजित किए गए हैं। जिलाधिकारी विनय गौड़ा जी. सी. के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग अभियान चला रहे हैं।
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी वासुदेव सोलंके के समन्वय से जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अभय धानोरकर, जिला शल्य चिकित्सक डॉ. कमलाकर मुदखेड़कर, जिला मातृ व शिशु संगोपन अधिकारी डॉ. विशाल बेंद्रे व जिलास्तरीय नोडल अधिकारी डॉ. शैलजा कुपस्वामी की अगुवाई में विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
मई के अंत तक तहसील स्तर पर 10, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर 53 व उपकेंद्र स्तर पर 302 स्वास्थ्य सम्मेलन आयोजित कर नागरिकों की स्वास्थ्य जांच, रोग निदान व उपचार किया गया। यही नहीं, विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देकर निवारक स्वास्थ्य सेवाओं व जन जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया गया।
सम्बंधित ख़बरें
रिश्वतखोरी के मामले में पुणे महावितरण का बड़ा अधिकारी गिरफ्तार; जानें कैसे ACB के जाल में फंसा अफसर?
भाजपा उम्मीदवार प्राजक्त तनपुरे निर्विरोध, दत्तात्रेय पानसरे के आरोप और विरोध से मचा बवाल
गुंठेवारी धारकों को बड़ी राहत की तैयारी: खाली भूखंडों पर बेटरमेंट शुल्क 50 फीसदी करने का मनपा का प्रस्ताव
वैजापुर-गंगापुर मार्ग पर भीषण हादसा: घाटी अस्पताल में भर्ती कराए गए 19 घायल, डॉक्टरों ने तुरंत संभाला मोर्चा
संतुलित आहार की अहमियत से कराएंगे अवगत
छत्रपति संभाजीनगर जिलाधिकारी विनय गौड़ा जी. सी. की पहल से अगले चरण में जून में कई स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों के अलावा ग्रापं व तहसील स्तर की स्वास्थ्य समृद्ध गांव कार्यदल समितियों की बैठकें होंगी। स्कूलों व आंगनवाड़ियों में बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार की अहमियत के बारे में अलख जगाई जाएगी। किशोर-किशोरियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर, जीवन कौशल प्रशिक्षण व किशोर स्वास्थ्य दिवस का भी होगा।
100 नागरिकों को देंगे योग प्रशिक्षण
10 से 16 जून के बीच नेत्र रोगों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही पौधारोपण, योग प्रशिक्षण, डेंगू व मलेरिया की रोकथाम संबंधी जनजागरूकता, घरेलू कचरा पृथक्करण व स्वच्छता अभियानों को भी तरजीह दी जाएगी। हर गांव में रोजाना न्यूनतम 100 नागरिकों को योग प्रशिक्षण देने की योजना है। यही नहीं, मच्छर जनित व अन्य कीट जनित रोगों की रोकथाम के उपायों के बारे में व्यापक स्तर पर जन जागरण किया जाएगा।
