दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में संभाजीनगर में भारी बवाल, क्रांति चौक पर गूंजे सरकार विरोधी नारे

Chhatrapati Sambhajinagar Student Protest: दिल्ली में छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में छत्रपति संभाजीनगर में प्रदर्शन हुआ। छात्रों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा।
Chhatrapati Sambhajinagar Student Protest Against Delhi Lathicharge
छत्रपति संभाजीनगर के क्रांति चौक पर प्रदर्शन करते छात्र (फोटो: नवभारत)
Published on
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar Student Protest Against Delhi Lathicharge: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को छत्रपति संभाजीनगर के क्रांति चौक पर विभिन्न छात्र संगठनों और सामाजिक संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़े छात्र

छत्रपति संभाजीनगर के क्रांति चौक पर जमा हुए सैकड़ों छात्रों और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शनकारियों का साफ तौर पर कहना था कि जब तक लाठीचार्ज के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती और केंद्रीय शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक यह देशव्यापी आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने "हिटलरशाही नहीं चलेगी", "शिक्षा हमारा अधिकार है", "मोदी सरकार डरती है, पुलिस को आगे करती है" और "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो" जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि दिल्ली में संसद की ओर मार्च कर रहे छात्रों को पुलिस ने रोककर उन पर आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया, जिसमें अनेक छात्र घायल हुए।

संभाजीनगर में भी आंदोलन दबाने का आरोप

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि क्रांति चौक पर आंदोलन शुरू होते ही छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर सड़क बंद कर दी और पुलिस वाहन खड़े कर प्रदर्शन को सीमित करने का प्रयास किया। उनका दावा है कि आंदोलन में शामिल होने पहुंचे कई छात्रों को रास्ते में ही रोक दिया गया।

हॉस्टल खाली करने और कानूनी कार्रवाई की मिली धमकियां

छत्रपति संभाजीनगर छात्र संगठनों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी और निजी छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को आंदोलन में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी गई। प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि उन्हें आंदोलन में भाग लेने पर छात्रावास छोड़ने और कानूनी कार्रवाई की धमकी दी गई। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

नीट विवाद को लेकर चल रहा आंदोलन

बता दें कि नीट विवाद को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के नेत‍ृत्व में पिछले कई दिनों से राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन चल रह था। सोनम वांगचुक भूख हड़ताल कर रहे हैं। 20 जुलाई को प्रदर्शनकारी छात्रों ने संसद तक मार्च निकाला। आंदोलन उग्र होने के बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया। इसके बाद प्रर्दशनकारी छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज को लेकर देश के कई हिस्सों में आंदोलन किए जा रहे हैं।

-नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com