

Four Hour Traffic Jam In Sambhajinagar: छत्रपति संभाजीनगर जिले के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल शिवाजीनगर भुयारी मार्ग मंगलवार सुबह उस समय पूरी तरह जाम हो गया, जब एक निजी कंपनी के कर्मचारियों को लेकर जा रही बस तकनीकी खराबी के कारण मार्ग के बीचों बीच बंद पड़ गई।
संकरित भुयारी मार्ग में बस के फंस जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और देखते ही देखते पूरा यातायात ठप हो गया। करीब चार घंटे तक चले इस जाम से सातारा, देवलाई, बीड बायपास तथा शहर के अन्य हिस्सों से आने-जाने वाले हजारों वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह कार्यालय, स्कूल और महाविद्यालय जाने का समय होने के कारण स्थिति और अधिक गंभीर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे शिवाजी नगर क्षेत्र से गुजर रही एक निजी बस अचानक भुयारी मार्ग के बीचों बीच बंद हो गई। चालक ने बस को दोबारा चालू करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण सफलता नहीं मिली। मार्ग संकरा होने से बस को किनारे करना भी संभव नहीं था। परिणामस्वरूप कुछ ही मिनटों में दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पूरा मार्ग अवरुद्ध हो गया।
बस जिस स्थान पर बंद हुई, वहां से दोपहिया वाहन निकालना भी मुश्किल हो गया। चौपहिया वाहनों के साथ-साथ मोटरसाइकिल सवार भी जाम में फंस गए। कई लोगों ने वाहन बंद कर पैदल निकलने का प्रयास किया, जबकि कुछ लोग वैकल्पिक मार्ग की तलाश में लौट गए।
घटना की सूचना मिलते ही छत्रपति संभाजीनगर पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बस को हटाने के लिए तकनीकी सहायता और अन्य संसाधनों का उपयोग किया गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद बस को मार्ग से हटाया जा सका। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य होना शुरू हुआ, लेकिन तब तक हजारों लोग जाम की परेशानी झेल चुके थे।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शिवाजीनगर भुयारी मार्ग हर वर्ष बारिश के मौसम में जलभराव, फिसलन, दुर्घटनाओं और भीषण यातायात जाम जैसी समस्याओं से जूझता है। मंगलवार की घटना ने एक बार फिर आपातकालीन यातायात प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों ने मांग की है कि ऐसे संवेदनशील मार्गों पर तत्काल क्रेन की व्यवस्था, त्वरित राहत दल, प्रभावी यातायात प्रबंधन तथा स्थायी तकनीकी समाधान सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में एक वाहन की खराबी से पूरे शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।