Sambhaji Nagar: ओवरटेक के दौरान ट्रक ने मारी टक्कर, समृद्धि महामार्ग पर निजी बस जलकर खाक
Chhatrapati Sambhaji Nagar News: समृद्धि महामार्ग पर तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक निजी बस में आग लग गई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई, जबकि सूझबूझ से 31 यात्रियों ने अपनी जान बचा ली।
- Written By: अपूर्वा नायक
प्रतीकात्मक तस्वीर
Chhatrapati Sambhaji Nagar Bus Accident News: समृद्धि महामार्ग पर शुक्रवार तड़के करीब 3.30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मुंबई से बुलढाणा की ओर जा रही एक निजी बस को पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसके बाद बस में अचानक आग लग गई।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
यह हादसा नागपुर कॉरिडोर के चैनल नंबर 463.5 के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक ने ओवरटेक करते समय अचानक ब्रेक लगाए, जिससे पीछे चल रही बस ट्रक से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग भड़क उठी।
सोते यात्रियों में मची अफरा-तफरी
हादसे के वक्त बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने इमरजेंसी खिड़कियों और कांच तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। बस में कुल 32 यात्री सवार थे, जिनमें से 31 सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
सम्बंधित ख़बरें
नवभारत संपादकीय: डे-केयर की सुरक्षा पर सवाल, पालनाघर में बच्चों से अत्याचार क्यों ?
संभाजीनगर SIR मैपिंग में लगे BLO को राहत देने की मांग, समीर साजिद बिल्डर ने कहा- BLO मशीन नहीं, इंसान हैं
MPSC ऑनलाइन परीक्षा के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, रोहित पवार बोले- 12 जुलाई के बाद आंदोलन संभालना मुश्किल
अब अतिक्रमण नहीं चलेगा: 12 प्रमुख मार्गों पर दिनभर रहेगी छत्रपति संभाजीनगर मनपा की पैनी नजर, 5 दल करेंगे गश्त
चालक की दम घुटने से मौत
बस चालक अमोल शेलकर आग की चपेट में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। दम घुटने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 21 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
एक यात्री गंभीर रूप से घायल
हादसे में गणेश नरवटे नामक यात्री गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़ें :- Pune Land Scam में बड़ा झटका, अदालत ने मानी पद के दुरुपयोग की बात
दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अशोक एन. खांडेकर के मार्गदर्शन में पदमपुरा और कांचनवाड़ी अग्निशमन केंद्र की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस अज्ञात ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।
