संभाजीनगर राशन घोटाला: गजानन एग्रो सेल्स कॉर्पोरेशन तक पहुंची जांच, मेन आरोपी समेत 5 फरार, 15.75 लाख की जब्ती
Ration Scam Investigation: छत्रपति संभाजीनगर रेशन घोटाले की जांच में बड़ा खुलासा। जांच गजानन एग्रो सेल्स कॉर्पोरेशन तक पहुंची, मुख्य आरोपी समेत 5 फरार, पुलिस ने जांच तेज की।
- Written By: आलोक उमाकृष्ण
संभाजीनगर राशन घोटाला (सोर्स: AI)
Sambhajinagar Ration Scam Investigation: शहर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अनाज के कथित कालाबाजारी प्रकरण की जांच अब नए मोड़ पर पहुंच गई है। अपराध शाखा की जांच में करोड़ी स्थित गजानन एग्रो सेल्स कॉर्पोराशन के संचालक संजय भगीरथमल अग्रवाल और प्रबंधक मतीनुद्दीन गजनफरुद्दीन काजी की भूमिका सामने आने का दावा किया गया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, राशन का अनाज अवैध रूप से खरीदकर निजी प्रतिष्ठान तक पहुंचाने वाले नेटवर्क का संबंध इस कंपनी से जुड़ा होने के संकेत मिले हैं। फिलहाल मुख्य आरोपी कलीम छोटू कुरैशी समेत पांच आरोपियों की तलाश जारी है।
आपूर्ति श्रृंखला की जांच में मिले अहम सुराग
अपराध शाखा राशन के अनाज की अवैध खरीद-बिक्री की पूरी आपूर्ति श्रृंखला की जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर करोड़ी स्थित गजानन एग्रो सेल्स कॉर्पोराशन तक जांच पहुंची। पुलिस का दावा है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली का अनाज कथित रूप से काले बाजार से खरीदकर यहां भेजा जाता था।
सम्बंधित ख़बरें
छात्रों के भविष्य का राजनीतिकरण न हो… शिवसेना नेता संजय शिरसाट का राहुल गांधी और विपक्ष पर हमला
NEET UG 2026 Result: मुंबई हाईकोर्ट ने NTA से मांगी मूल OMR शीट, एक सप्ताह में कोर्ट में हाजिर करने के निर्देश
FDA Action: छत्रपति संभाजीनगर की मशहूर उत्तम उपहार गृह का लाइसेंस निलंबित, बार-बार इस्तेमाल किए जा रहे तेल
1 हजार साल की बरसात झेल सकेगा मुंबई-पुणे कनेक्टिंग लिंक! IIT-Bombay ने दी ये सलाह, गड्ढों से भी मिलेगी निजात
तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार
इस मामले में समीर बाबर कुरैशी, फरदीन गनी पठान और फहद अहमद शुत्तारी को 21 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। अदालत ने तीनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेजा है। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर जांच का दायरा और बढ़ाया गया है।
पांच आरोपी अब भी फरार
पुलिस के अनुसार, कलीम छोटू कुरैशी, आवेज कुरैशी, शेख अजहर शेख चांद कुरैशी, संजय अग्रवाल और मतीनुद्दीन काजी अभी तक फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जांच के दौरान आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धोखाधड़ी संबंधी धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
12 जून की छापेमारी से खुला था मामला
12 जून की रात अपराध शाखा ने गोपनीय सूचना के आधार पर किराडपुरा स्थित रहेमानिया कॉलोनी के एक गोदाम पर छापा मारा था। वहां से चीनी, गेहूं, चावल, मक्का और ज्वार से भरी 487 बोरियां तथा एक मालवाहक ट्रक सहित लगभग 15.75 लाख रुपये का माल जब्त किया गया था। इसी कार्रवाई के बाद पूरे नेटवर्क की परतें खुलनी शुरू हुईं।
दो अलग-अलग मामलों में दर्ज हैं अपराध
इस प्रकरण में सहायक जिला आपूर्ति अधिकारी संदीप विश्वनाथ शिंदे और बाल विकास अधिकारी गणेश पुंगले की शिकायत पर दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना है।
यह भी पढ़ेः- NEET UG 2026 Result: मुंबई हाईकोर्ट ने NTA से मांगी मूल OMR शीट, एक सप्ताह में कोर्ट में हाजिर करने के निर्देश
पहले भी विवादों में आ चुका है नाम
जांच एजेंसियों के अनुसार, गजानन एग्रो सेल्स कॉर्पोराशन के संचालक संजय अग्रवाल का नाम इससे पहले भी अनाज के कथित अनियमित कारोबार से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। छत्रपति संभाजीनगर पुलिस अब पुराने मामलों और वर्तमान जांच के बीच संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही है। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश और आर्थिक लेनदेन की जांच तेज कर दी गई है।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट
