WhatsApp पर स्टेटस लगाकर दो दोस्तों ने खत्म कर ली जीवनलीला, संभाजीनगर के पैठण में दिल दहला देने वाला मामला

Paithan Suicide News: छत्रपति संभाजीनगर जिले के पैठण के बिडकीन इलाके में दो जिगरी दोस्तों ने शराब के साथ जहर पीकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले स्टेटस डालकर उन्होंने सबको चौंका दिया।
Chhatrapati Sambhajinagar Paithan Bidkin MIDC Case of Two Friends Suicide
पैठण में खुदकुशी करने वाले युवक (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

WhatsApp Status Suicide Case: 'दोस्ती की मिसाल' के किस्से तो आपने बहुत सुने होंगे, लेकिन छत्रपति संभाजीनगर जिले के पैठण के बिडकीन इलाके से एक ऐसी खबर आई है जिसने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। दो दोस्तों ने अपनी दोस्ती आखिरी सांस तक निभाई, लेकिन मौत का रास्ता चुनकर। गणेश झिरपे (23) और सचिन आरगडे (29) नामक दो युवकों ने मंगलवार तड़के जहर पीकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

मौत से पहले भेजा आखिरी संदेश

घटना की शुरुआत एक दर्दनाक व्हाट्सएप मैसेज से हुई। गणेश ने अपनी मां को मैसेज भेजा, "मैं अपना जीवन समाप्त कर रहा हूं..."। इतना ही नहीं, उसने यही संदेश अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर भी लगाया। जब तक परिवार वाले कुछ समझ पाते या उन तक पहुंच पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

नियोजित तरीके से दी जान

छत्रपति संभाजीनगर की बिडकीन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कोई आवेश में उठाया गया कदम नहीं बल्कि एक सोची-समझी योजना लग रही है। गणेश और सचिन एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर बिडकीन एमआईडीसी परिसर की ओर निकले थे। उनके पास दो पानी की बोतलें, दो विदेशी शराब की बोतलें और जहरीली दवा का एक डिब्बा था। एकांत स्थान पर जाकर दोनों ने शराब पी और उसके बाद जहर पी लिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक गणेश झिरपे बिडकीन के सूर्य उद्योग नगर का निवासी था, जबकि सचिन जालना जिले के धनगर पिंपरी का रहने वाला था। दोनों दोस्त एक होटल में काम करते थे। गणेश की मां शादी-ब्याह में कैटरिंग का काम कर परिवार का गुजारा करती हैं। जवान बेटे की इस तरह अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।

आत्महत्या का रहस्य बरकरार

होटल में काम करने वाले इन दो सामान्य युवकों ने आखिर इतना बड़ा कदम क्यों उठाया? क्या वे किसी आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे या कोई अन्य निजी कारण था? इसका रहस्य अभी भी बरकरार है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे गुत्थी और उलझ गई है। फिलहाल बिडकीन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और तेजी से जांच शुरू कर दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com