छत्रपति संभाजीनगर में आधी रात को अवैध गर्भपात रैकेट का भंडाफोड़, 6 पर केस दर्ज; रशीदपुरा में मची खलबली

Illegal Abortion Racket: छत्रपति संभाजीनगर पुलिस और मनपा की संयुक्त छापेमारी में अवैध गर्भपात रैकेट का पर्दाफाश हुआ। एक महिला की हालत बिगड़ी, सोनोग्राफी उपकरण जब्त और 6 आरोपियों पर कानूनी शिकंजा।
Chhatrapati Sambhajinagar Illegal Abortion Racket
छत्रपति संभाजीनगर पुलिस और मनपा की टीम के साथ गिरफ्तार आरोपी (फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar Illegal Abortion Racket: छत्रपति संभाजीनगर शहर के रशीदपुरा इलाके में अवैध गर्भपात किए जाने के गंभीर मामले का पर्दाफाश हुआ है। महानगरपालिका और सिटी चौक पुलिस की संयुक्त टीम ने तड़के छापेमारी कर इस गैरकानूनी गतिविधि का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान गर्भपात में उपयोग होने वाली दवाइयां, उपकरण तथा सोनोग्राफी का प्रोब जब्त किया गया है। इस मामले में कुल 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

मंगलवार, 28 अप्रैल 2026 को आधी रात करीब 2 बजे सिटी चौक पुलिस स्टेशन की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक निर्मला परदेशी ने रशीदपुरा स्थित खमर विला, प्लॉट नंबर 16 पर अवैध गर्भपात किए जाने की सूचना महानगरपालिका के वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पारस मंडलेचा को दी। महानगरपालिका आयुक्त अमोल येडगे के मार्गदर्शन में तत्काल संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी की गई।

संयुक्त टीम ने की छापेमारी

डॉ. पारस मंडलेचा के नेतृत्व में छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका की टीम में डॉ. अमरज्योति शिंदे, डॉ. राठोडकर, डॉ. सुनील पाटील, शेख गयासउद्दीन, संजय शिरोडकर, प्रवीण रांजणगावकर शामिल थे। वहीं सिटी चौक पुलिस की ओर से निर्मला परदेशी (वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक), मनोज शिंदे (सहायक पुलिस निरीक्षक), अर्जुन कदम (पुलिस उपनिरीक्षक), कांचन मिरधे (दामिनी पुलिस निरीक्षक), दामिनी पथक के कर्मचारी तथा हेड कॉन्स्टेबल निर्मला अंभोरे ने कार्रवाई में भाग लिया।

मौके से मिला आपत्तिजनक सामान

छापेमारी के दौरान टीम को अवैध गर्भपात में उपयोग होने वाली दवाइयां, उपकरण, सोनोग्राफी का प्रोब सहित अन्य सामग्री मौके से मिली, जिसे जब्त कर लिया गया।

महिला की बिगड़ी हालत, अस्पताल में भर्ती

जांच में सामने आया कि 27 अप्रैल 2026 को शाम करीब 5 बजे एक महिला को गर्भपात के लिए उक्त स्थान पर लाया गया था। उसे गर्भपात कराने हेतु दवाइयां दी गईं, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर उसे तड़के करीब 3:30 बजे सरकारी अस्पताल घाटी में भर्ती कराया गया।

4 आरोपी गिरफ्तार, 6 के खिलाफ मामला दर्ज

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से शाहिदा परवीन सय्यद इशाद अहमद (51), नसरीन वजीर शेख (47), सय्यद इर्शाद अहमद (61) व एक अन्य को गिरफ्तार किया। वहीं दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित महिला की जांच बीटेल डायग्नोस्टिक पैथोलैब, सिडको एन-6 में की जा रही थी, जिसका मुख्य केंद्र पलसी में है। इस मामले में लैब संचालक मंगेश सुखदेव थोरात, मीनाक्षी मंगेश थोरात तथा गर्भवती महिला की मां सहित कुल छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

कानूनी कार्रवाई जारी, आगे की जांच शुरू

छत्रपति संभाजीनगर के सिटी चौक पुलिस स्टेशन में अवैध गर्भपात एवं गर्भलिंग जांच से संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com