जालना मनपा आयुक्त अंजलि शर्मा ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण; कहा- मरीजों को न हो कोई असुविधा

Jalna Health News: जालना मनपा आयुक्त अंजलि शर्मा ने विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार देने के निर्देश दिए।
Jalna Municipal Commissioner Anjali Sharma inspected various primary health centers, directing officials to ensure timely treatment and zero inconvenience to patients.
जालना हॉस्पीटल (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Jalna Hospital Healthcare Services: जालना महानगर पालिका की ओर से नागरिकों को बेहतर और सुलभस्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महानगर पालिका आयुक्त अंजलि शर्मा ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्यवर्धक केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं हासिल करने में किसी भी किस्म की असुविधा बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। यही नहीं, मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी उन्होंने दिए।

दवाइयों की उपलब्धता संग पंजीकरण व्यवस्था का अवलोकन

आयुक्त अंजलि ने सबसे पहले नूतन वसाहत (डबल जिन) स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व राम नगर स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया, तदुपरांत उन्होंने मुर्गी तालाब स्वास्थ्यवर्धक केंद्र और विसावा नूतन कॉलोनी स्वास्थ्य केंद्र का भी दौरा कर दवाइयों की उपलब्धता, टीकाकरण अभियान, मरीजों के पंजीकरण की व्यवस्था और केंद्रों की स्वच्छता का अवलोकन किया।

इस अवसर पर आयुक्त अंजलि शर्मा ने स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों और चिकित्सा अधिकारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और कार्य में आने वाली कठिनाइयों की विस्तारपूर्वक जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए व मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए।

स्वास्थ्य कर्मियों की सभी समस्याओं का करें समाधान

  • आयुक्त शर्मा ने स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता बनाए रखने, आवश्यक दवाइयों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने और टीकाकरण अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
  • इसके साथ ही कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने कहा गया। महानगर पालिका प्रशासन के इस कदम से शहर की प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
  • इससे नागरिकों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। निरीक्षण के दौरान महानगर पालिका के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल राजे, सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रबंधक डॉ। दीपक भालेराव, विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Navbharat Live
navbharatlive.com