छत्रपति संभाजीनगर में मानसून सक्रिय, सामान्य से 13.6% अधिक बरसे बदरा, निचले इलाकों में पानी भरा, किसान खुश

Sambhajinagar Monsoon Update: छत्रपति संभाजीनगर जिले में मानसून सक्रिय रहने से अब तक सामान्य से 13.6% अधिक बारिश दर्ज हुई है। जहां शहर में जलभराव हुआ, वहीं ग्रामीण इलाकों में बुवाई तेज हो गई है।
Chhatrapati Sambhajinagar recorded 13.6% above-normal rainfall till July 4, boosting Kharif crop sowing while triggering waterlogging in several low-lying areas.
संभाजीनगर में मानसून (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Chhatrapati Sambhajinagar Rain: छत्रपति संभाजीनगर जिले में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही रिमझिम बारिश ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार शनिवार को तेज बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन दिनभर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहा। लगातार हो रही वर्षा से जहां शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है और जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के बीच खुशी का माहौल है।

अच्छी बारिश से खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिली है और पहले से बोई गई फसलों को भी इसका भरपूर लाभ मिलने की उम्मीद है। विभागीय आयुक्तालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को जिले में औसतन 6.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं 1 जून से 4 जुलाई तक जिले में कुल 22.3 मिलीमीटर वर्षा हुई है।

सड़कों पर वाहनों की रफ्तार हुई धीमी

इस अवधि की सामान्य औसत वर्षा 19.6 मिलीमीटर है। इस प्रकार जिले में अब तक सामान्य से 13.6 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। शनिवार सुबह से शुरू हुई रिमझिम बारिश देर शाम तक जारी रही। लगातार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर पानी जमा होने से वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। स्कूल जाने वाले बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को रेनकोट और छाता लेकर घर से निकलना पड़ा।

बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में मिली बड़ी राहत

लगातार हो रही बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को बड़ी राहत मिली है। अधिकांश स्थानों पर खरीफ फसलों की बुवाई अंतिम चरण में है, जबकि जून में बोई गई फसलों के लिए यह वर्षा बेहद लाभदायक मानी जा रही है। पर्याप्त नमी मिलने से फसलों की बेहतर वृद्धि की उम्मीद बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक जिले में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना व्यक्त की है।

प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे या जर्जर इमारतों के पास खड़े होने से बचने की अपील की है। साथ ही वाहन चालकों, किसानों और आम नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया है। लगातार सक्रिय मानसून ने जहां छत्रपति संभाजीनगर शहर की रफ्तार कुछ धीमी कर दी है, वहीं खेतों में हरियाली और किसानों की उम्मीदों को नई ऊर्जा दी है। बारिश का यह दौर आने वाले दिनों में भी जारी रहने की संभावना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com