छत्रपति संभाजीनगर में बनेगा ‘ऑपरेशन सिंदूर' उद्यान, मंत्री सावे ने किया ऐलान

Kargil Vijay Diwas के अवसर पर महाराष्ट्र के मंत्री अतुल सावे ने ऐलान किया छत्रपति संभाजीनगर में ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित एक उद्यान बनाया जाएगा। यहां उन्होंने पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया।
Minister Save said park based on Operation Sindoor will be built in Chhatrapati Sambhajinagar
कारगिल विजय दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद मंत्री अतुल सावे व अन्य (सोर्स: एक्स@save_atul)
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में ‘ऑपरेशन सिंदूर' पर आधारित एक उद्यान बनाया जायेगा। यह घोषणा राज्य के अन्य पिछड़ा वर्ग मामलों के मंत्री अतुल सावे ने शनिवार को की। मंत्री सावे कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में लोगों के अवलोकन के लिए स्थापित टी-55 युद्धक टैंक का अनावरण करने पहुंचे थे।

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 'कारगिल स्मृति वन समिति' द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। कारगिल युद्ध को 26 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर छत्रपति संभाजीनगर में पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया।

मंत्री सावे ने टी-55 युद्धक टैंक का अनावरण किया अनावरण

महाराष्ट्र के अन्य पिछड़ा वर्ग मामलों के मंत्री अतुल सावे ने विजय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में लोगों के अवलोकन के लिए स्थापित टी-55 युद्धक टैंक का अनावरण करने के बाद कहा कि कारगिल युद्ध पर आधारित 6 करोड़ रुपये की लागत से एक उद्यान बनाया जा रहा है। हमें एक टैंक मिल गया है और एक विमान भी प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है।

‘ऑपरेशन सिंदूर' पर आधारित उद्यान बनाने का ऐलान

मंत्री सावे ने कहा कि देश के सशस्त्र बलों की बहादुरी का सम्मान करने के लिए छत्रपति संभाजीनगर में ‘ऑपरेशन सिंदूर' पर आधारित एक उद्यान बनाया जायेगा। इसके लिए नगर निगम को जमीन देनी होगी और हम राज्य सरकार से धन प्राप्त करेंगे।

कारगिल दिवस आज

भारतीय सेना ने 26 जुलाई 1999 को लद्दाख में कारगिल की बर्फीली चोटियों पर लगभग 3 महीने तक चले युद्ध के बाद ‘ऑपरेशन विजय' के सफलतापूर्वक संपन्न होने घोषणा की थी। इस दिन को हर साल कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है।

छत्रपति संभाजीनगर आयुक्त जी श्रीकांत ने कहा कि ‘कारगिल स्मृति वन' का निर्माण डंपिंग ग्राउंड की सफाई के बाद किया गया है। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करते हुए भारत ने 6 मई की देर रात ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था।

इस अभियान के दौरान, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) और पाकिस्तान में आतंकवादियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले कई ठिकानों को नष्ट कर दिया गया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच 10 मई को सीजफायर की घाेषणा हुई थी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com