छत्रपति संभाजीनगर में महाशिवरात्रि पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, श्री घृष्णेश्वर मंदिर में कड़ी सुरक्षा

Maha Shivratri Maharashtra: महाशिवरात्रि के अवसर पर महाराष्ट्र के घृष्णेश्वर, परली वैजनाथ और औंधा नागनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिरों में लाखों श्रद्धालु पहुंचे, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
Maharashtra temple security
Grishneshwar temple (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Grishneshwar Temple: महाराष्ट्र भर में स्थित ज्योतिर्लिंग मंदिरों में रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर लाखों श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए उमड़ पड़े। घृष्णेश्वर मंदिर में करीब चार लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है। जिले की ग्रामीण पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू करते हुए देश के 12वें ज्योतिर्लिंग माने जाने वाले इस मंदिर में 450 कर्मियों को तैनात किया है, ताकि भीड़ का सुचारु प्रबंधन और सुरक्षित दर्शन सुनिश्चित किया जा सके।

सोमवार सुबह तक एलोरा स्थित मंदिर में लगभग चार लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। छत्रपति संभाजीनगर ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने  कहा, “घृष्णेश्वर मंदिर के पट पूरी रात श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। इस वर्ष मंदिर से कम से कम एक किलोमीटर दूर पार्किंग स्थल की व्यवस्था की गई है।” उन्होंने बताया कि मंदिर क्षेत्र में कम से कम 32 अधिकारी, 175 होमगार्ड और 250 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

वेरुल स्थित 12वें ज्योतिर्लिंग श्री घृष्णेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि का उत्साह

छत्रपति संभाजीनगर जिले के वेरुल स्थित 12वें ज्योतिर्लिंग श्री घृष्णेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर शनिवार रात से ही भक्तों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। मंदिर प्रशासन ने शनिवार रात 12 बजे आरती कर भक्तों के लिए मंदिर के द्वार खोल दिए। वहीं रविवार रात को जिला कलेक्टर दिलीप स्वामी और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक डॉ. विनय कुमार राठौड़ की ओर से सरकारी महाआरती का आयोजन किया गया। महाशिवरात्रि के अवसर पर तीन से चार लाख भक्तों के मंदिर में दर्शन करने की संभावना को देखते हुए वेरुल गुफाओं से भोसले चौक तक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

मंदिर परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए

पुलिस अधीक्षक डॉ. विनय कुमार राठौड़ और सहायक पुलिस अधीक्षक अपराजिता अग्निहोत्री के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक धनंजय फराटे ने बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, होमगार्ड और ग्रामीण परिवहन पुलिस के जवान तैनात किए हैं। खुलताबाद के तहसीलदार संतोष गुट्टे भी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। श्री घृष्णेश्वर देवस्थान ट्रस्ट की ओर से मंदिर के अध्यक्ष कुणाल डांडगे, योगेश टोपरे, राजेंद्र कौशिक, संजय वैद्य, मिलिंद शेवाले और वंदना पुराणिक लगातार व्यवस्था संभालने में जुटे हुए हैं। मंदिर परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर सोलह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

परली वैजनाथ मंदिर में भी लाखों श्रद्धालु की भीड़

बीड जिले के परली वैजनाथ मंदिर में भी लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए कतारों में खड़े दिखाई दिए। बीड पुलिस ने अधिकारियों और होमगार्ड सहित लगभग 250 कर्मियों की टीम तैनात की है, जो सोमवार सुबह तक इलाके में मौजूद रहेगी। एक अधिकारी ने बताया कि यहां दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को दो से तीन घंटे तक कतारों में इंतजार करना पड़ा।

हिंगोली जिले में स्थित प्रसिद्ध औंधा नागनाथ मंदिर, जिसे आठवां ज्योतिर्लिंग माना जाता है, वहां जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराईं। शाम को मंदिर परिसर में ड्रोन शो का भी आयोजन किया जाएगा। महाशिवरात्रि भगवान शिव को समर्पित सबसे महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है, जिसे पूरे देश में प्रार्थना, उपवास और रात्रि भर पूजा-अर्चना के साथ मनाया जाता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com