छत्रपति संभाजीनगर में लापरवाही से कटी अंडरग्राउंड बिजली केबल, 35 हजार लोग 11 घंटे अंधेरे में रहे, केस दर्ज
Sambhajinagar Electricity Issue: छत्रपति संभाजीनगर के नारेगांव में गैस पाइपलाइन ड्रिलिंग के दौरान 11 केवी भूमिगत केबल कटने से 35 हजार लोग 11 घंटे अंधेरे में रहे। कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
- Written By: रूपम सिंह
बिजली कटौती (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Chhatrapati Sambhajinagar Electricity Power Outage: छत्रपति संभाजीनगर में गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान बरती गई लापरवाही का खामियाजा नारेगांव क्षेत्र के 35 हजार नागरिकों को भुगतना पड़ा। भूमिगत 11 केवी विद्युत केबल क्षतिग्रस्त होने से पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और लोगों को करीब 11 घंटे तक अंधेरे में रहना पड़ा। इस घटना में महावितरण को लगभग 55 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मामले में संबंधित कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ एमआईडीसी सिडको पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।
महावितरण के कनिष्ठ अभियंता अनिल शिवलिंग जंगम की शिकायत के अनुसार, नारेगांव रोड स्थित ग्रामीण मंडल कार्यालय के सामने बीकेटी ट्रेडकॉम कंपनी द्वारा गैस पाइपलाइन बिछाने का काम किया जा रहा था। इस दौरान आड़ी ड्रिलिंग करते समय आवश्यक सावधानी नहीं बरती गई। ड्रिलिंग मशीन का प्रहार सीधे 11 केवी फीडर की भूमिगत केबल पर हुआ।
17 जून को भी ठप हुई थी बिजली, लोग हुए थे परेशान
जिससे केबल क्षतिग्रस्त हो गई और बिजली आपूर्ति बंद हो गई। केबल टूटने के कारण 17 जून को नारेगांव और आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अचानक बिजली गुल होने से लगभग 35 हजार नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, महावितरण के अधिकारियों और कर्मचारियों को आपूर्ति बहाल करने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान उपभोक्ताओं के आक्रोश का भी सामना करना पड़ा।
सम्बंधित ख़बरें
कॉकरोच जनता पार्टी की विचारधारा क्या है? अभिजीत दीपके ने खोला राज, प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुद बताया पूरा सच
क्या बोलती पब्लिक? CJP देशभर में चलाएगी अनोखा आंदोलन, अभिजीत दीपके ने किया एक्शन प्लान का ऐलान
1 लाख से अधिक चालकों ने सीखी मराठी, परिवहन मंत्री सरनाईक बोले- मराठी से नाता जोड़ने वाला ही संस्कृति का दूत
‘काम नहीं करना तो वेतन भी मत लो’, बॉम्बे हाई कोर्ट की डॉक्टरों को फटकार; हड़ताल तुरंत वापस लेने का आदेश
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, बीकेटी ट्रेडकॉम कंपनी के कर्मचारी रजनीश अनिरुद्ध पांडे, निवासी प्रतापनगर, संबोली, मंडोली (उत्तर प्रदेश) तथा उनके अधीन कार्यरत मशीन चालक की लापरवाही से यह नुकसान हुआ।
ये भी पढ़ें:- Pune Metro Line 3 का सफर जुलाई से होगा शुरू, हिंजवडी से शिवाजीनगर की दूरी अब सिर्फ 45 मिनट में होगी पूरी
एमआईडीसी सिडको पुलिस थाने में मामला दर्ज
दोनों के खिलाफ एमआईडीसी सिडको पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच हवालदार चव्हाण कर रहे हैं। महावितरण की ओर से हुए आर्थिक नुकसान और बिजली आपूर्ति बाधित होने से नागरिकों को हुई परेशानी का विवरण भी शिकायत में दर्ज किया गया है।
