

Chhatrapati Sambhajinagar Jalna Woman Kidnapping: जालना से इलाज के लिए शहर आई विवाहित महिला का अजनबी रिक्शा चालक ने कथित रूप अपहरण करने की घटना प्रकाश में आई है। सिडको बस स्टैंड पर उतरने के बाद महिला ने बहन को फोन कर रिक्शा चालक के उसे कहीं ले जाने की बात कही व कुछ ही देर में उसका फोन बंद हो गया। एमआईडीसी सिडको पुलिस थाने में अपहरण का केस दर्ज किया गया है।
37 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि जालना निवासी उनकी 39 वर्षीय बहन 21 मई की शाम इलाज के लिए छत्रपति संभाजीनगर आने के लिए बस से रवाना हुई थीं। उनकी मां ने उन्हें जालना से बस में बैठाया था। शाम 6.30 बजे पीड़िता ने बहन से फोन पर संपर्क कर बताया था कि वह यातायात जाम में फंसी हैं। 7.30 बजे उन्होंने सिडको बस स्टैंड पहुंचने व ऑटो रिक्शा से चिकलथाना की ओर जाने की जानकारी दी।
कुछ ही मिनट बाद रात 7:48 बजे पीड़िता ने पुनः फोन कर घबराई हुई आवाज में रिक्शा में बैठने व चालक के उन्हें कहीं और ले जाने की जानकारी दी। इसके बाद कॉल कट गया व संपर्क करने पर उनका मोबाइल बंद था। तदुपरांत चिंतित परिजनों ने डायल 112 पर संपर्क कर पुलिस को सूचना दी।
परिजनों ने सिडको बस स्टैंड, आसपास के अस्पतालों व अन्य स्थानों पर महिला की खोजबीन की, मगर उसका कोई पता नहीं चल सका। चिकलथाना छत्रपति संभाजीनगर पुलिस थाने में अज्ञात रिक्शा चालक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बस स्टैंड क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर रिक्शा चालक की खोज शुरू की है। प्रकरण की जांच सहायक फौजदार भास्कर राऊत कर रहे हैं।