छत्रपति संभाजीनगर के पार्षद मुन्शी शेख को कुचलने की कोशिश, स्कॉर्पियो चोरी के प्रयास के दौरान बाल-बाल बचे

Chhatrapati Sambhajinagar News: छत्रपति संभाजीनगर में नगरसेवक मुन्शी शेख पर बदमाशों ने गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। स्कॉर्पियो चोरी के बहाने जानलेवा हमले की आशंका। पुलिस ने जांच शुरू की।
Attempt to Run Over Councilor Munshi Sheikh; He Has a Narrow Escape During an Attempted Scorpio Theft
सीसीटीवी कैमरे की फोटो (सोर्स: फाईल फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Chhatrapati Sambhajinagar Crime: शहर के गारखेडा क्षेत्र में बुधवार तड़के एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां नगरसेवक के घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो चोरी करने आए बदमाशों ने पीछा करने पर नगरसेवक को वाहन से कुचलने का प्रयास किया। इस मामले में पुंडलिक नगर पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार बायजीपुरा क्षेत्र के नगरसेवक मुन्शी भिकन शेख, उम्र 42 वर्ष, भगत सिंह नगर, गारखेडा निवासी, बुधवार तड़के करीब 2:10 बजे घर लौटने के बाद हॉल में बैठे हुए थे। उसी दौरान घर में लगे सीसीटीवी स्क्रीन पर उन्हें अपनी स्कॉर्पियो क्रमांक एमएच-20 जीके-8077 के पास संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी।सीसीटीवी में एक अज्ञात युवक उनकी गाड़ी के अंदर घुसता नजर आया। यह देखते ही मुन्शी शेख तुरंत घर से बाहर दौड़े। उनके बाहर आते ही आरोपी गाड़ी से उतरकर पास में खड़ी काले रंग की दूसरी स्कॉर्पियो में बैठ गया, जिसमें पहले से उसके साथी मौजूद थे। नगरसेवक ने जब आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाशों ने स्कॉर्पियो सीधे उनके ऊपर चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि मुन्शी शेख ने समय रहते किनारे छलांग लगा दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

किया आरोपियों का पीछा

इसके बाद उन्होंने अपनी गाड़ी से आरोपियों का पीछा किया। आरोपी सुत गिरणी चौक, दरगाह चौक, उस्मानपुरा, देवगिरी कॉलेज, पदमपुरा चौक, बाबा पेट्रोल पंप, कर्णपुरा, नगर नाका और पडेगांव मार्ग होते हुए शरणापुर फाटा पार कर सोलापुर-धुले महामार्ग की दिशा में फरार हो गए।इस घटना के बाद पुंडलिक नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सहायक फौजदार तारव कर रहे हैं।

राजनीतिक साजिश की आशंका

नगरसेवक मुन्शी शेख ने आशंका जताई है कि यह घटना केवल वाहन चोरी का प्रयास नहीं, बल्कि उन्हें नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से रची गई साजिश भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि गाड़ी चोरी का बहाना बनाकर उन पर वाहन चढ़ाने की कोशिश बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने पुलिस से पूरे प्रकरण की गहराई से जांच करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com