जीरो फेटेलिटी अभियान: छत्रपति संभाजीनगर में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन, 1,363 वाहन चालकों का कटा चालान
Sambhajinagar Traffic Police Action: छत्रपति संभाजीनगर में यातायात पुलिस ने रॉन्ग साइड और ट्रिपल सीट चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर 1,363 चालकों पर कार्रवाई की और 10.58 लाख रुपये जुर्माना वसूला।
- Written By: आलोक उमाकृष्ण
संभाजीनगर यातायात पुलिस चालान करते हुए (फोटो नवभारत)
Chhatrapati Sambhajinagar Traffic Police Action: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छत्रपति संभाजीनगर यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर रॉन्ग साइड वाहन चलाने और दोपहिया पर ट्रिपल सीट सफर करने वाले 1,363 वाहन चालकों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की।
इस अभियान के दौरान कुल 10 लाख 58 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम
सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सुभाष भुजंग ने बताया कि, ‘जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम’ के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों को कम करने के उद्देश्य से सोमवार, 7 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर विशेष अभियान चलाया गया।
सम्बंधित ख़बरें
संभाजीनगर में पानी संकट: 2,740 करोड़ की नई जलापूर्ति योजना फिर ठप, बटरफ्लाई वाल्व बना बाधा
छत्रपति संभाजीनगर की बदल जाएगी सूरत! सड़कों के चौड़ीकरण के लिए CM फडणवीस से 1510 करोड़ रुपए की भारी-भरकम मांग
पुणे में बारिश से ST महामंडल को बड़ा झटका, 35% घटी कमाई, कई रूटों पर बस सेवा ठप
नासिक जिले के मालेगांव, पेठ और दिंडोरी में तीन अलग-अलग सड़क हादसे, तीन बाइक सवार युवकों की गई जान
यह कार्रवाई मोतीकारंजा, सेवन हिल, सिटी चौक से गुलमंडी, गोमटेश मार्केट, पैठण गेट से सिटी चौक, शाहगंज, सेशन कोर्ट चौक, महावीर चौक, रेलवे स्टेशन चौक, हाईकोर्ट सिग्नल, विमानतल परिसर, ओएसिस चौक, कामगार चौक सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में की गई।
170 ट्रिपल सीट चालकों पर कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले 1,193 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई कर 7 लाख 68 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं ट्रिपल सीट दोपहिया चलाने वाले 170 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 2 लाख 90 हजार रुपये का दंड लगाया गया। इस प्रकार कुल 1,363 वाहन चालकों पर कार्रवाई कर 10 लाख 58 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जून तक 62,190 वाहन चालकों पर हुई कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में जून माह तक नियमित जांच और विशेष अभियानों के दौरान रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले 33,642 वाहन चालकों पर कार्रवाई कर 2 करोड़ 60 लाख 26 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
इसी अवधि में ट्रिपल सीट वाहन चलाने वाले 28,548 वाहन चालकों पर कार्रवाई कर 2 करोड़ 84 लाख 43 हजार रुपये का दंड वसूला गया। इस तरह वर्ष 2026 में अब तक कुल 62,190 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 5 करोड़ 44 लाख 69 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह विशेष अभियान सीपी प्रवीण पवार, डीसीपी (मुख्यालय) रशीकांत सातव तथा एसीपी (यातायात) सुभाष भुंजग के मार्गदर्शन में चलाया गया। अभियान में पीआई रेखा लांडे (शहर यातायात शाखा-1), पीआई मंगेश जगताप (शहर यातायात शाखा-2), एपीआई रविकांत गच्चे (सिडको यातायात शाखा),एपीआई सचिन मिरे (छावनी यातायात शाखा) तथा पीआई पवन चौधरी (वालूज यातायात शाखा) एवं उनके अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों ने सहभागिता की।
यह भी पढ़ेः- नासिक जिले के मालेगांव, पेठ और दिंडोरी में तीन अलग-अलग सड़क हादसे, तीन बाइक सवार युवकों की गई जान
यातायात पुलिस की अपील
यातायात विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें, अपने साथ वाहन चालक लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेज रखें, रॉन्ग साइड वाहन न चलाएं तथा ट्रिपल सीट यात्रा से बचें। नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट
