LPG सिलेंडर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Chhatrapati Sambhajinagar LPG Smuggling News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां सरकारी आपूर्ति की गैस को खुलेआम काले बाजार में बेचा जा रहा था। राज्य स्तरीय सतर्कता प्रकोष्ठ (Vigilance Cell) की एक टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एलपीजी तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस छापेमारी के दौरान पुलिस और प्रशासन ने कुल 1.26 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति और अवैध गैस जब्त की है।
सतर्कता प्रकोष्ठ के प्रमुख गणेश बेलाले को गुप्त सूचना मिली थी कि खोजेवाड़ी शिवार क्षेत्र के एक सुनसान इलाके में गैस की हेराफेरी की जा रही है। 2 अप्रैल की देर रात, जब पूरी दुनिया सो रही थी, विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी की। टीम ने देखा कि गिरोह के सदस्य एचपीसीएल के बड़े टैंकरों की सील तोड़कर अवैध रूप से छोटे वाणिज्यिक (Commercial) और घरेलू सिलेंडरों में गैस भर रहे थे।
अधिकारियों ने मौके से दो संदिग्धों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 35,220 किलोग्राम एलपीजी से भरे दो बड़े टैंकर जब्त किए। मौके से 26 सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 19.2 किलो वाले कमर्शियल और 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर शामिल थे। गैस रिफिलिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले अवैध उपकरण और पंप भी जब्त किए गए।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जब्त की गई गैस की मात्रा इतनी अधिक थी कि उससे लगभग 2,480 वंचित परिवारों की महीने भर की रसोई चल सकती थी। यह माफिया न केवल राजस्व का नुकसान कर रहे थे, बल्कि आम आदमी के हक की गैस चुराकर अपनी जेबें भर रहे थे।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र का दूसरा अशोक खरात! Nashik के बिजसमैन के टैबलेट से निकले 200 अश्लील वीडियो
इस कार्रवाई के बाद सरकार और स्थानीय प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि LPG सिलेंडरों की जमाखोरी, अनधिकृत भंडारण या अवैध रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ ‘कठोर कानूनी कार्रवाई’ की जाएगी। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे सिंडिकेट के पीछे छिपे बड़े नामों का खुलासा किया जा सके।