

Chhatrapati Sambhajinagar Fire Safety: छत्रपति संभाजीनगर शहर में बहुमंजिला इमारतों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दमकल व्यवस्था और आधुनिक और सक्षम बनाने के लिए मनपा ने बड़ा कदम उठाया है।
जिला योजना समिति की निधि से 36 मीटर ऊंचाई वाली अत्याधुनिक मल्टी आर्टिक्युलेटिंग वॉटर टॉवर सेंट मशीनरी खरीदी गई है। यह अत्याधुनिक मशीन 10 से 12 मंजिला इमारतों में लगी आग पर प्रभावी नियंत्रण पाने में सक्षम होगी।
लोकार्पण के बाद मनपा के संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षण देकर इसे शीघ्र ही सेवा में शामिल किया जाएगा। अब तक मनपा के पास ऊंची इमारतों में आग लगने पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पर्याप्त आधुनिक उपकरण उपलब्ध नहीं थे।
इसकी जरूरत को देखते हुए पालक मंत्री संजय शिरसाट के प्रयासों से जिला योजना समिति के जरिए 15.78 करोड़ रुपये की निधि उपलब्ध कराने के बाद यह आधुनिक मशीन खरीदी गई है।
इस मशीन सेट में 36 मीटर ऊंचा वॉटर टॉवर, 14,000 लीटर क्षमता का वॉटर बाउजर (टैंकर) व अग्निशमन के लिए विशेष रोबोट शामिल है। यह पूरी प्रणाली जर्मन तकनीक पर आधारित व वहीं की स्विंग कंपनी की ओर से निर्मित है।
इसकी भारत में अधिकृत आपूर्तिकर्ता मुंबई स्थित निधि एंटरप्राइजेस है। वॉटर टॉवर में लगे मॉनिटरिंग कैमरा व फाइबर ऑप्टिक सिस्टम के जरिए आग की सटीक निगरानी की जाएगी।
वॉटर बाउजर के चलते लगातार पानी की आपूर्ति बनी रहने से आग बुझाने की क्षमता और बढ़ेगी। प्रशासन का मानना है कि इस नई तकनीक से शहर की अग्निशमन सेवा अधिक सक्षम, सुरक्षित और प्रभावी बनेगी।
यही नहीं, धर्मल कैमरे की मदद से ऑपरेटर वाहन के कंट्रोल पैनल से ही नीचे से आग काबू में किए जाने से दमकल कर्मियों के सीधे आग के पास जाने का जोखिम कम होने में मदद मिलेगी। मशीन में मौजूद रोबोट की मदद से आग बुझाने का काम और अधिक सुरक्षित व तेज होगा।