छत्रपति संभाजीनगर में खड़े ट्रैक्टर से भिड़ी कर्मचारियों से भरी बस, चालक की जान गई, जानें घायलों की संख्या...

Sambhajinagar Company Bus Hits Tractor: छत्रपति संभाजीनगर में देर रात कंपनी बस खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई, जबकि 25 कर्मचारी घायल हुए, जिनमें चार की हालत गंभीर है।
Chhatrapati Sambhajinagar Company Bus Hits Tractor Waluj Company Bus Driver Dies
दुर्घटना के बाद की स्थिति (फोटो नवभारत)
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar Company Bus Hits Tractor: शहर के छावनी क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कंपनी बस खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 25 कर्मचारी घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का शहर के विभिन्न निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

कब और कैसे हुई दुर्घटना?

पुलिस के अनुसार, वालूज स्थित एक कंपनी के करीब 40 कर्मचारियों को लेकर बस देर रात शहर की ओर आ रही थी। रात के लगभग 1 बजे अहिल्यानगर-छत्रपति संभाजीनगर राजमार्ग पर छावनी क्षेत्र के लक्ष्मी माता मंदिर के पास मुख्य सड़क पर खराब होकर खड़े ट्रैक्टर से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में बस चालक शीतल सिंह उमर सिंह जाधव (55), निवासी हर्सूल, गंभीर रूप से घायल हो गए और केबिन में फंस गए। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

दुर्घटना के समय कंपनी बस में अधिकांश कर्मचारी अपनी सीटों पर बैठे हुए थे, जबकि कई कर्मचारी लंबी ड्यूटी के बाद थकान के कारण सो रहे थे। अचानक खड़े ट्रैक्टर से बस की जोरदार टक्कर होने पर तेज झटका लगा और कई यात्री सीटों से आगे की ओर गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

आसपास मौजूद स्थानीय नागरिक तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को सूचना देकर घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। सभी घायलों को तत्काल शहर के विभिन्न निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, घायल 25 कर्मचारियों में चार की हालत गंभीर बनी हुई है। इस मामले में खड़े ट्रैक्टर के चालक के खिलाफ छावनी थाने में लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दुर्घटना के सटीक कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com