जिंगल बेल की गूंज संग संभाजीनगर में क्रिसमस का उल्लास, कैरोल गीतों से सजा शहर

Christmas Celebration: संभाजीनगर में कैरोल गीतों, रोशनी व विशेष प्रार्थनाओं के साथ ईसाई समुदाय ने क्रिसमस पर्व उल्लास से मनाया। चर्चों में भीड़, मिठाइयों व उपहारों से माहौल खुशियों से भर गया।
जिंगल बेल की गूंज संग संभाजीनगर में क्रिसमस का उल्लास, कैरोल गीतों से सजा शहर
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Updated on

Sambhajinagar Christmas Celebration: छत्रपति संभाजीनगर 'जिंगल बेल, जिंगल बेल' व 'आओ बालक' जैसे मधुर कैरोल गीतों की गूंज के बीच शहर एवं परिसर के ईसाई समुदाय ने प्रभु यीशु मसीह का जन्मोत्सव अर्थात क्रिसमस का पर्व उल्लास मनाया। इस दौरान शहरभर के चर्चों में आकर्षक रोशनी, सजावट व आतिशबाजी ने माहौल में खुशियां भर दीं।

बुधवार से ही क्रिसमस की खुशियां चरम पर थीं, आधी रात 12 बजे जैसे ही घंटी बजना शुरू हुआ, विशेष प्रार्थनाओं की शुरुआत हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर शुभकामनाएं दीं। सुबह की प्रार्थना के बाद ईसाई परिवारों ने रिश्तेदारों व मित्रों से मुलाकात की, मिठाइयां बांटी व बच्चों ने उपहारों का आदान-प्रदान कर उत्सव का भरपूर आनंद लिया।

नगर नाका स्थित होली ट्रिनिटी चर्च, छावनी क्षेत्र का क्राइस्ट चर्च, सेंट फ्रांसिस डी सेल्स कैथेड्रल, लिटिल फ्लावर चर्च, सेंट फिलिप्स चर्च संग शहर के कई चर्चा में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने मिली। कई इलाकों में सांता क्लॉज ने बच्चों को सरप्राइज गिफ्ट देकर खुशियां बांटीं। प्रभु यीशु के जन्मोत्सव के स्वागत में चर्चा के साथ ही घरों में भी आकर्षक रोशनी की गई थी।

ईसाई समाज के साथ अन्य धर्मों के नागरिकों ने भी इस पर्व में भाग लिया। रात से शुरू हुआ उत्साह सुबह तक बना रहा, नए वस्त्र पहनकर श्रद्धालु सुबह की प्रार्थना के लिए चर्च पहुंचे। कई स्थानों पर पांच घंटे तक विशेष प्रार्थनाएं आयोजित कर रोटी व शरबत का प्रसाद वितरित किया गया।

प्रेम, शांति व सेवाभाव का दिया गया संदेश

छावनी क्षेत्र स्थित शहर का सबसे पुराना क्राइस्ट चर्च विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, यहां मराठवाड़ा धर्म प्रति के बिशप एमयू कसाब ने पारंपरिक विधियों के जरिए क्रिसमस का संदेश दिया। सिडको के सेंट स्टीफन चर्च व नगर नाका के होली ट्रिनिटी चर्च में रेव डॉ. सीएन आठवले ने प्रभु यीशु के प्रेम, शांति व सेवा का संदेश देते हुए शुभकामनाएं दीं।

वालूज के क्राइस्ट चर्च में रेव आरवी दिवे व रेव सैम्युअल निकालजे, बजाज नगर के सीएन चर्च, जुबली पार्क स्थित चर्च ऑफ नाजरीन में रेव विनय गायकवाड़ की उपस्थिति में क्रिसमस पर्व मनाया गया।

Navbharat Live
navbharatlive.com