

Chhatrapati Sambhajinagar Census Duty: देशभर में चल रही जनगणना प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। महानगरपालिका आयुक्त अमोल येडगे ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि जनगणना कार्य से बचने वालों पर सीधे आपराधिक मामले दर्ज किए जाएंगे। सोमवार, 11 मई को सुबह आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त अमोल येडगे ने बताया कि जनगणना ड्यूटी के आदेश मिलने के बावजूद कुछ शिक्षक कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं हो रहे हैं। इस मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए प्रशासन ने कठोर कदम उठाने का निर्णय लिया है।
मनपा आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनगणना राष्ट्रीय स्तर की अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। जिन शिक्षकों को आदेश जारी किए गए हैं, उन्हें तत्काल ड्यूटी पर उपस्थित होकर निर्धारित रिपोर्ट समय पर जमा करनी होगी। अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जनगणना कार्य के आदेश मिलने के बावजूद अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। बार-बार सूचना देने के बाद भी जवाब नहीं देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महानगरपालिका विद्यालयों में कार्यरत ऐसे शिक्षकों पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी, जो आदेश मिलने के बाद भी कार्य पर उपस्थित नहीं होंगे। शिक्षा विभाग को भी तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका के जिन कर्मचारियों ने अब तक स्व गणना प्रक्रिया में भाग नहीं लिया है, उनकी जानकारी एकत्र कर वेतन से कटौती करने के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन इस पूरी प्रक्रिया पर विशेष नजर रखेगा।
प्रशासन ने सभी संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों को बिना देरी किए जनगणना कार्य में शामिल होने तथा समय पर रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट