Aurangabad Student Viral Video ( Source: Social Media )
Aurangabad Student Viral Video: छत्रपति संभाजीनगर मनपा के प्रियदर्शनी प्राथमिक स्कूल के छात्र दानिश मुजाहिद शेख ने अपनी शानदार गायन प्रतिभा से सोशल मीडिया पर जबरदस्त पहचान बनाई है।
कम उम्र में ही दानिश ने अपने हुनर से लाखों लोगों का दिल जीत लिया है। उनका गाया हुआ वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है और इसे अब तक 30 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है।
इस वायरल वीडियो को सार्थक सोनार और संजीव सोनार ने साझा किया था। वीडियो को 1 लाख 49 हजार से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं। वहीं 23 हजार 200 से ज्यादा लोगों ने इसे शेयर किया है और करीब 900 लोगों ने कमेंट कर दानिश की जमकर सराहना की है।
सोशल मीडिया पर दानिश को नया रॉक स्टार कहा जा रहा है। मनपा आयुक्त जी. श्रीकांत की संकल्पना के तहत स्कूलों में संगीत शिक्षक और संगीत सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसी पहल से छात्रों में संगीत के प्रति रुचि बढ़ी और दानिश जैसे प्रतिभाशाली छात्र को अपनी कला दिखाने का अवसर मिला।
स्कूल के मुख्याध्यापक संजीव सोनार की प्रेरणा से दानिश का आत्मविश्वास बढ़ा है। सीबीएसई कोऑर्डिनेटर तेजस्विनी देसले के मार्गदर्शन और शिक्षिका रश्मि होनमुटे के सहयोग से उसकी प्रतिभा और निखरी है।
दानिश की इस उपलब्धि पर महापौर समीर राजूरकर ने विशेष प्रशंसा की। उन्होंने फोन पर जानकारी लेकर छात्र और उसके शिक्षकों को बधाई दी। नगरसेवकों और अधिकारियों ने भी दानिश की प्रतिभा की सराहना की।
यह भी पढ़ें:-संभाजीनगर में गैस संकट गहराया, रोज 20 हजार सिलेंडर की जरूरत; एजेंसियों पर पुलिस बंदोबस्त की मांग
मनपा मुख्यालय में आयोजित एक बैठक में दानिश को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। वहां उसने गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर उसका सत्कार किया गया और आयुक्त ने उसे पियानो भेंट करने की घोषणा की। साथ ही दानिश और उसके परिवार को इंद की शुभकामनाएं भी दीं।