एडवांटेज महाराष्ट्र Expo 2026: शेंद्रा MIDC में उद्योगों का महाकुंभ; पुलिस ने दिए सुरक्षा के आश्वासन

AMEXPO Sambhajinagar: मासिआ की ओर से 8 से 11 जनवरी तक शेंद्रा एमआईडीसी में ‘एडवांटेज महाराष्ट्र एक्सपो 2026’ आयोजित होगा। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा की है।
Advantage Maharashtra Expo 2026: A grand gathering of industries at Shendra MIDC; police assure security.
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Advantage Maharashtra Expo 2026: छत्रपति संभाजीनगर मराठवाड़ा एसोसिएशन ऑफ स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज एंड एग्रीकल्चर अर्थात मासिआ की ओर से 'एडवांटेज महाराष्ट्र एक्सपो 2026' का आयोजन 8 से 11 जनवरी के बीच शेंद्रा एमआईडीसी स्थित ऑरिक कार्यालय की इमारत (डीएमआईसी) में होने जा रहा है।

9वीं औद्योगिक प्रदर्शनी के आलोक में पुलिस अधीक्षक डॉ. विनयकुमार राठौड़ ने बीते दिन स्थल का प्रत्यक्ष दौरा कर सुरक्षा, यातायात व कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि मासिआ का AMEXPO जैसे औद्योगिक आयोजन शहर के आर्थिक व औद्योगिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं, आश्वस्त किया कि प्रदर्शनी सुरक्षित व अनुशासित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरा सहयोग करेगा।

सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन करेगा पूरा सहयोग

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अन्नपूर्णा सिंह, पुलिस उपाधीक्षक पूजा नागरे, पुलिस निरीक्षक सम्राटसिंह राजपूत, यातायात पुलिस निरीक्षक आनंद झोटे संग अधिकारी व कर्मियों के अलावा मासिआ अध्यक्ष अर्जुन गायकवाड़, संयोजक अनिल पाटिल व चेतन राऊत भी मौजूद रहे। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदर्शनी में नामी गिरामी कंपनियां शिकरत करेंगी। इस दौरान आने वाले हजारों उद्यमियों, नागरिकों व अतिथियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपायों पर पार्किंग व्यवस्था, यातायात नियोजन, सीसीटीवी निगरानी, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली संग अन्य सुरक्षा प्रबंधों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। मासिआ व आयोजन समिति की ओर से प्रदर्शनी की संकल्पना, अपेक्षित प्रतिक्रिया व योजना की जानकारी भी दी गई।

उद्यमियों के लिए बेहतरीन अवसर

प्रदर्शनी में मशीन टूल्स, ऑटो कंपोनेंट्स, ऑटोमेशन, गेजेस, फिक्सचर्स, डाय एंड मोल्ड, मेटल सरफेस फिनिशिंग, एग्रीकल्चर व फूड इंडस्ट्री, फाइनेंस, सरकारी व निजी बैंकिंग संस्थान, एनर्जी एंड इलेट्रिकल्स, सूचना प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप्स, सर्विस इंडस्ट्रीज, कंस्ट्रक्शन संग विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे।

आयोजकों ने उद्योग, व्यापार, व्यवसाय व सेवा क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सहभाग व भेंट देने की अपील की है। प्रदर्शनी में प्रवेश के लिए www।amexpo।in वेबसाइट पर जाकर निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com