Chhatrapati Sambhaji Nagar में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा बेचते 3 आरोपी गिरफ्तार

Chhatrapati Sambhaji Nagar में अवैध गांजा तस्करों पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। इस कार्रवाई के दौरान 2 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया था। साथ ही तीसरे आरोपी के घर से नशीले पदार्थ भी मिले हैं।
छत्रपति संभाजी नगर
छत्रपति संभाजी नगर (सौ. सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Chhatrapati Sambhaji Nagar News In Hindi: शहर में अवैध गांजा कारोबार पर पुलिस आयुक्तालय के विशेष दस्ते ने कार्रवाई करते हुए मुकुंदवाड़ी पास शिव मंदिर और दरगाह क्षेत्र में दो लोगों को रंगे हाथों पकड़ा।

तीसरे आरोपी के घर से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और नकदी जब्त की गई, यह कार्रवाई 24 सितंबर को शाम 4:30 बजे से रात 10 बजे तक की गई।गिरफ्तार आरोपियों के नाम पंकज बालू चव्हाण (20), बालू आसाराम चव्हाण और रोहित शाम सोलुंके (सभी निवासी राजनगर, मुकुंदवाड़ी) हैं। उनके खिलाफ मुकुंदवाड़ी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी अभिषेक राऊत (23) ने शिकायत दर्ज कराई कि, पुलिस आयुक्तालय के विशेष दस्ते के सहायक निरीक्षक शिवाजी चौरे को 24 सितंबर को सूचना मिली थी कि मुकुंदवाड़ी रेलवे स्टेशन के पास एक पेपर शेड में गांजा बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर, चौरे और उप-निरीक्षक संदीप काले, अर्जुन कदम, अभिजीत चिखलीकर, 18 अंमलदारों और फोरेंसिक टीम की एक टीम ने पेपर शेड पर छापा मारा।

रोहित सोलंके के घर पुलिस ने मारा छापा

इस दौरान, एक दोपहिया वाहन (MH-20-GS-5967) पर बैठा एक युवक संदिग्ध रूप से वहां घूमता हुआ दिखाई दिया। पूछताछ करने पर, उसने अपना नाम पंकज चव्हाण (20, राज नगर) बताया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 95 ग्राम गांजा, मोबाइल, दोपहिया वाहन, फोल्डिंग चाकू, चिलम और 170 रुपए का कीमती सामान मिला, उसके पिता के घर से 80 ग्राम गांजा और 29,030 रुपए नकद जब्त किए गए। जांच में यह भी पता चला कि यह नकदी गांजा बेचने से प्राप्त हुई थी। पंकज और उसके पिता ने बताया कि उन्होंने रोहित सोलंके से गांजा खरीदा था। इसलिए, पुलिस ने उसके घर पर छापा मारा, घर में तलाशी के दौरान, 95 पुड़िया (595 ग्राम) गांजा, एक थैले में 225 ग्राम गांजा और 7,800 रुपए नकद मिले।