Amravati News: चांदूर बाजार तहसील के शिरजगांव कसबा थाना क्षेत्र में महिला के साथ छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर उसके पति पर चाकू से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है. महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.पुलिस सूत्रों के अनुसार शिकायतकर्ता 40 वर्षीय महिला शाम के समय अपने घर में स्नान कर रही थी, तभी आरोपी रोहित बालू डोफे उसे छिपकर देख रहा था.
पीड़िता को जब इस बात का आभास हुआ, तो उसने तुरंत अपने पति को इस बारे में जानकारी दी. जब पीड़िता के पति ने आरोपी रोहित से इस हरकत के बारे में पूछताछ की और विरोध जताया, तो आरोपी गालीगलौज और हाथापाई पर उतारू हो गया. आरोपी ने पीड़िता के पति का गला दबाकर उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े. इसके बाद आरोपी ने अपनी जेब से चाकू निकाला और जान से मारने की नीयत से उन पर हमला कर दिया.
इस हमले में पीड़िता के पति के सिर पर चोट आई और खून बहने लगा. जब पीड़िता अपने पति को बचाने के लिए बीचबचाव करने आई, तो आरोपी ने उसके साथ भी धक्कामुक्की और अभद्रता की. इस छीनाझपटी में पीड़िता के कपड़े फट गए. महिला की शिकायत पर शिरजगाव कसबा पुलिस ने आरोपी रोहित डोफे के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.