Amravati News: अमरावती जिले के वरुड शहर में आर्थिक धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक प्रतिष्ठित फर्म के कर्मचारी ने मालिक के भरोसे का फायदा उठाकर करीब 3 करोड़ रुपये से अधिक की हेराफेरी कर दी।
पुलिस के अनुसार, सत्यदेवनगर निवासी व्यापारी लोकेश संतोष अग्रवाल (48) की फर्म लोकेश ट्रेडर्स में कार्यरत गोपाल रामकृष्ण चौधरी (40, शिवाजी नगर, वरुड) ने सुनियोजित तरीके से फर्म की रकम का गबन किया। यह धोखाधड़ी 22 सितंबर 2021 से 8 दिसंबर 2025 के बीच करीब चार वर्षों तक चलती रही।
आरोपी ने फर्म के आईसीआईसीआई बैंक खाते से पैसे निकालकर अपने और परिजनों के खातों में ट्रांसफर किए। जांच में सामने आया है कि बैंक ऑफ बड़ौदा, एचडीएफसी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक, आईडीबीआई बैंक और बैंक ऑफ इंडिया (नांदगांव पेठ) समेत कुल 8 अलग-अलग बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये का गबन किया गया।
हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने गबन की गई रकम से अपने और रिश्तेदारों के नाम पर संपत्तियां भी खरीदीं, जिससे धोखाधड़ी का दायरा और बड़ा हो गया।
व्यापारी लोकेश अग्रवाल की शिकायत पर वरुड पुलिस ने मुख्य आरोपी गोपाल चौधरी सहित उसके परिवार और रिश्तेदारों समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।