भंडारा में दहला देने वाली घटना: घास लेने गए किसान पर बाघ का हमला, मौके पर मौत

Bhandara Tiger Attack On Farmer News: भंडारा के पिलांद्री जंगल क्षेत्र में घास लेने गए किसान पर बाघ ने पत्नी के सामने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
bhandara tiger attack farmer killed wife witness pilandri forest
Tiger attack (सोर्सः फाइल फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bhandara Forest Area News: अड्याल पुलिस थानांतर्गत आने वाले पिलांद्री जंगल क्षेत्र में दोपहर करीब दो बजे घास लाने गए एक किसान पर बाघ ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक किसान की पहचान बाबूराव नत्थूजी पिल्लेवान 55, निवासी कोदुर्ली, तहसील पवनी के रूप में हुई है।

यह दिलदहला देने वाली घटना जंगल में बाबूराव के साथ मौजूद पत्नी की आंखों के सामने हुई, जिससे पूरे परिसर में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोदुर्ली निवासी बाबूराव अपनी पत्नी के साथ जंगल से सटे खेत में काम करने गए थे। दोपहर में दोनों ने एक साथ खाना खाया जिसके बाद बाबूराव पास ही पिलांद्री जंगल क्षेत्र में घास लेने चले गए।

वन विभाग ने हमलावर बाघ की पुष्टि की

इसी दौरान वहां घात लगाकर बैठे बाघ ने उन पर अचानक हमला कर दिया। पति पर हमला करने के बाद बाघ पत्नी पर भी गुर्राया। डर के मारे पत्नी ने तुरंत गांव की तरफ दौड़ लगाई और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। जब तक ग्रामीण जंगल पहुंचे, तब तक किसान की मौत हो चुकी थी। शुरुवात में हमलावर बाघ था या तेंदुआ इस पर संशय था हालांकि बाद में वन विभाग ने हमलावर बाघ की पुष्टि की। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रादेशिक वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और अडयाल पुलिस की टीम ने तुरंत पिलांद्री बीट कक्ष क्रमांक 302 आरक्षित वन क्षेत्र में पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया।

कैमरा ट्रैप तथा पिंजरा लगाने का निर्णय

वन विभाग ने इस हिंस्र जानवर को पकड़ने के लिए तत्काल कदम उठाए हैं और घटनास्थल पर कैमरा ट्रैप तथा पिंजरा लगाने का निर्णय लिया है। एहतियात के तौर पर भंडारा से शार्प शूटरों की एक विशेष टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। मृतक के बेटे बुद्धरत्न बाबूराव पिल्लेवान की शिकायत पर अड्याल पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है।

पत्नी के सामने बाघ ने किसान को बनाया शिकार

मामले की आगे की जांच पुलिस हवालदार सुखदेव पेंदाम कर रहे हैं। अड्याल पुलिस स्टेशन के निरीक्षक धनंजय पाटील ने नवभारत को जानकारी देते हुए बताया कि जंगल क्षेत्र से लगे गांवों के सभी पुलिस पाटिलों को दवंडी और सार्वजनिक घोषणा के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जंगल क्षेत्र में प्रवेश न करे। विशेष रूप से मवेशी चराने वाले, बकरी पालक तथा तेंदूपत्ता तोड़ने वाले लोग जंगल में न जाएं। यह सूचना प्रत्येक ग्रामीण तक पहुंचाने की अपील अड्याल पुलिस की ओर से की गई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com