अमरावती पुलिस विभाग में रिटायरमेंट समारोह के साथ पदोन्नति का उत्साह; 6 कर्मचारियों को लगे स्टार और बैज

Amravati Police News: अमरावती पुलिस आयुक्तालय में आयोजित समारोह में 10 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विदाई दी गई। पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने सेवानिवृत्त कर्मियों को पूरी जांच करने की सलाह दी।
Amravati Police Retirement Ceremony
अमरावती पुलिस (सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Amravati Police Retirement Ceremony: अमरावती शहर पुलिस आयुक्तालय के मीटिंग हॉल में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। सेवानिवृत्त हुए 10 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस आयुक्त (सीपी) राकेश ओला के हाथों ससम्मान विदाई दी गई। इसके साथ ही, पदोन्नत हुए कर्मचारियों के लिए 'पिनिंग सेरेमनी' (स्टार और बैज लगाने का कार्यक्रम) का भी आयोजन हुआ।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि इन अधिकारियों के लंबे अनुभव का लाभ पुलिस विभाग को भविष्य में भी मिलता रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने एक महत्वपूर्ण सलाह देते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली राशि को कहीं भी निवेश करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की अच्छी तरह जांच-पड़ताल कर लें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सेवानिवृत्ति के बाद यदि किसी भी शासकीय सुविधा या पेंशन को लेकर कोई अड़चन आती है, तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।

शामिल हुए सभी अधिकारी

अमरावती पुलिस आयुक्त ने सेवानिवृत्त हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का शुभकामना पत्र, स्मृति चिह्न, शाल, श्रीफल, पेंशन ऑर्डर और सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम में बेहद पारिवारिक माहौल निर्मित करते हुए सेवानिवृत्त कर्मियों की पत्नियों को साड़ी और गमले में पौधा देकर सम्मानित किया गया।

सेवानिवृत्त होने वाले प्रमुख अधिकारियों में अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) के एसीपी शिवाजी बचाटे, जीपीएसआई राजेश किल्लेकर, निवासराव घुगे, प्रकाश गिरी, निर्जला झाड़े, विलास खांडेकर, दादाराव भुसुम, सुरेश प्रधान और जयेंद्र कांबले शामिल हैं।

पदोन्नति का उत्साह

इस कार्यक्रम में हेड कांस्टेबल से सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) पद पर पदोन्नत हुए 5 कर्मचारियों और पुलिस नायक से हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नत हुए 1 कर्मचारी का 'पदोन्नति समारोह' उनके परिजनों की उपस्थिति में मनाया गया। पुलिस आयुक्त ने खुद स्टार और बैज लगाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बढ़ी हुई जिम्मेदारियों के प्रति सचेत करते हुए इन अधिकारियों को जूनियर कर्मचारियों का सही मार्गदर्शन करने की सलाह दी।

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्याम घुगे, प्रांजलि सोनावणे, कल्याण शाखा के पुलिस निरीक्षक निलेश करे, कार्यालय अधीक्षक आरती आठवले सहित सेवानिवृत्त अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवार और अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com