महाराष्ट्र निकाय चुनाव के लिए आज से नामांकन शुरू, जानें कब होगा मतदान और किस दिन आएगा रिजल्ट
Maharashtra Local Body Elections 2025: महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर परिषद व नगर पंचायत चुनावों की नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। 17 नवंबर तक उम्मीदवार ऑनलाइन नामांकन कर सकेंगे।
- Written By: आकाश मसने
काॅन्सेप्ट फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
Maharashtra Nikay Chunav Date: राज्य निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र में नगर परिषद और नगर पंचायत के आगामी चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया की तारीखों की घोषणा की है। उम्मीदवार 10 से 17 नवंबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन दाखिल करने के लिए प्रशासन ने स्थानो की सूची प्रकाशित की है।
अमरावती जिले में नपा व नपं चुनाव में कुल 3 लाख 59 हजार 56 मतदाता है। जिनमें 1 लाख 79 हजार 32 महिला व 1 लाख 80 हजार 15पुरूष मतदाता है।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र आयोग की अधिकृत वेबसाइट पर 10 से 17 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक ऑनलाइन भरने के लिए उपलब्ध रहेंगे। नामांकन पत्रों की स्वीकृति 10 से 17 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक की जाएगी। रविवार के दिन नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
सम्बंधित ख़बरें
अभिनेत्री उषा चव्हाण के जमीन विवाद में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की बड़ी एंट्री, TDR ट्रांजैक्शन पर लगाई रोक
नवी मुंबई में गुलाबी बहार! नेरुल के वेटलैंड्स पर उतरा हजारों फ्लेमिंगो का झुंड; देखें प्रकृति का यह नजारा
लाडकी बहीन योजना में अपात्र घोषित 70 लाख महिलाओं को मिला आखिरी मौका; दोबारा जमा कर सकेंगी दस्तावेज
संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस का बड़ा कदम, मुंबई में 7 हजार पदाधिकारी सीखेंगे राजनीति के गुर
2 दिसंबर को होगा मतदान
बता दें कि महाराष्ट्र में नगर परिषद और नगर पंचायत चुनाव के लिए 10 से 17 नवंबर तक उम्मीदवारी फॉर्म दाखिल कर सकेंगे। 18 नवंबर को फॉर्म की जांच होगी। नामांकन वापसी की तारीख 21 नवंबर दोपहर 3 बजे तक है। मतदान 2 दिसंबर सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगा। वहीं मतगणना 3 दिसंबर सुबह 10 बजे से की जाएगी।
पारदर्शिता के लिए ऑनलाइन प्रणाली
राज्य निर्वाचन आयोग ने उम्मीदवारों की सुविधा के लिए आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन नामांकन पत्र भरने की सुविधा उपलब्ध कराई है। इससे उम्मीदवार समय पर आवश्यक जानकारी जमा कर सकेंगे और दस्तावेज़ सत्यापन प्रक्रिया भी पारदर्शी होगी।
उम्मीदवार सावधानी बरतें
नामांकन पत्र जमा करते समय, उम्मीदवार की तस्वीर, पहचान पत्र, निर्वाचन क्षेत्र का मतदाता होने का प्रमाण, आवश्यक सुरक्षा राशि और शपथ पत्र संलग्न करना अनिवार्य है। चुनाव आयोग ने उम्मीदवारों से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन जमा करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें:- कोलंबिया पैटर्न से दूर होगी वोटर लिस्ट की गड़बड़ी! मतदाता सूची पर सियासी बवाल के बीच मुंबई आएगी टीम
अमरावती में तैयारी पूरी
अमरावती जिले की विभिन्न नगर परिषदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की जगहें इस प्रकार निर्धारित की गई हैं। निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को नामांकन प्रक्रिया पारदर्शक व शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। उम्मीदवारों को समय सीमा का पालन करने की सूचना दी गई है ताकि किसी प्रकार की प्रशासनिक अड़चन न आए।
अमरावती जिले में इन स्थानों पर भरे जा सकेंगे आवेदन
- नगर परिषद अचलपुर, कार्याध्यक्ष सभागृह (कैंप)
- नगर परिषद कार्यालय, अंजनगांव सुर्जी
- नगर परिषद कार्यालय, वरुड
- नगर परिषद कार्यालय, दर्यापुर
- चुनाव निर्णय अधिकारी का कक्ष, नगर परिषद मोर्शी
- प्रशासक सभागृह, नगर परिषद चिखलदरा
- नगर परिषद कार्यालय, शेंदुरजना घाट
- नगर परिषद कार्यालय, चांदूर रेल्वे
- नगर परिषद कार्यालय, चांदूर बाजार
- तहसील कार्यालय सभागृह, धामणगांव रेल्वे
- उपविभागीय अधिकारी कार्यालय, धारणी
- तहसील कार्यालय, नांदगाव खंडेश्वर
मतदाताओं की संख्या व मतदान केंद्र
| क्रमांक | नगर परिषद / पंचायत | मतदाता संख्या | मतदान केंद्र |
|---|---|---|---|
| 1 | अचलपुर | 99,959 | 112 |
| 2 | अंजनगांव सुर्जी | 46,620 | 52 |
| 3 | वरुड | 40,890 | 45 |
| 4 | दर्यापुर | 36,571 | 42 |
| 5 | मोर्शी | 32,874 | 40 |
| 6 | शेंदुरजनाघाट | 18,793 | 22 |
| 7 | चिखलदरा | 3,365 | 10 |
| 8 | चांदूर रेलवे | 18,126 | 22 |
| 9 | चांदूर बाजार | 18,790 | 21 |
| 10 | धामणगांव रेलवे | 18,124 | 21 |
| 11 | नांदगांव खंडेश्वर | 12,039 | 17 |
| 12 | धारणी | 13,205 | 17 |
| कुल | — | 3,59,056 | 421 |
