

Khodgaon Water Purification Plant: अंजनगांव सुर्जी तहसील के खोडगांव गांव में नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित जल शुद्धिकरण संयंत्र पिछले चार वर्षों से बंद पड़ा है। सरकार के निधि से स्थापित यह सुविधा लंबे समय से बंद होने के कारण ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में ग्रामीण आशिष टेकाडे ने खोडगांव ग्राम पंचायत में लिखित आवेदन देकर बंद पड़े जल शुद्धिकरण संयंत्र को तत्काल शुरू करने की मांग की है।ज्ञापन में कहा कि संयंत्र बंद होने से ग्रामीणों को भारी असुविधा हो रही है, इसलिए ग्राम पंचायत को इस मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
गांव के नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए यह संयंत्र स्थापित किया गया था, लेकिन पिछले कई वर्षों से बंद होने के कारण ग्रामीण इस सुविधा का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। इसके चलते लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लेना पड़ रहा है। यदि 15 दिनों के भीतर जल शुद्धिकरण संयंत्र चालू नहीं किया गया, तो संबंधित उच्च अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, वर्तमान स्थिति में अब तक संयंत्र को शुरू करने के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।इस मुद्दे को ग्राम पंचायत प्रशासन गंभीरता से लेते हुए बंद पड़े जल शुद्धिकरण संयंत्र को जल्द से जल्द शुरु कर सुविधा देने की मांग ग्रामीणों ने की है।