अकबर नगर इलाके में पुराने विवाद में घर में घुसकर हमला, तलवार और चाकू से तोड़फोड़
अमरावती में पुराने विवाद के चलते एक युवक और उसके परिवार पर जानलेवा हमला हुआ। हमलावरों ने तलवार और चाकू से तोड़फोड़ की।
Amravati News: अमरावती शहर के नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के अकबर नगर इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक और उसके परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. आरोपियों ने न केवल घर में घुसकर मारपीट की, बल्कि तलवार और चाकू जैसे हथियारों से घर के सामान और वाहन को भी नुकसान पहुंचाया. वसीम खान उर्फ शेरू शकील खान 23, अकबर नगर ने शिकायत में बताया कि आरोपी और वह पहले दोस्त थे.
कुछ समय पहले उनके बीच अनबन हो गई, जिसके बाद वसीम खान ने आरोपियों से बात करना बंद कर दिया था. इसी बात का गुस्सा मन में रखकर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया. 19 अप्रैल की रात लगभग 8 से 8.30 बजे के बीच मुख्य आरोपी शेख सलीम शेख अतिक ने वसीम खान को धरमकाटा नामक जगह पर मिलने के लिए बुलाया था. जब वसीम खान वहां नहीं गया, तो गुस्साए आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ तलवार, चाकू, फरसा और लोहे के पाइप लेकर वसीम खान के घर पहुंच गए.
आरोपियों ने घर में घुसकर वसीम खान के साथ गालीगलौज की और मारपीट शुरू की. बीचबचाव करने आए वसीम खान के भाई और मां को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की. इस दौरान आरोपियों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. वसीम खान की शिकायत पर नागपुरी गेट पुलिस ने शेख सलमान शेख अतीक 30, आकिब खान युसूफ खान पठान 32, शाहिद रफ्तार, जावेद खान उर्फ गोलू अनवर खान 28 व सुफियान खान उर्फ नाजीम खान 19 के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
