महावितरण की लापरवाही से किसान का आत्महत्या का प्रयास, लिखित आश्वासन के बाद कार्यालय के पेड़ से नीचे उतरा
अंजनगाव तहसील के देवगांव में बिजली कटौती से परेशान किसान ने महावितरण कार्यालय के पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या का प्रयास किया। विधायक और अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
Electricity Power Cut: अंजनगाव महावितरण की कार्यप्रणाली से परेशान एक किसान द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तहसील के देवगांव खोडगांव निवासी किसान अतुल खारोडे ने रविवार सुबह महावितरण कार्यालय परिसर में स्थित नीम के पेड़ पर चढ़कर गले में दुपट्टा बांधकर फांसी लगाने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, किसान ने अपने तीन एकड़ खेत में तरबूज की फसल लगाई थी। लेकिन पिछले कई दिनों से क्षेत्र में रात 10:30 बजे से सुबह 9:30 बजे तक लगातार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही थी। बिजली न मिलने के कारण सिंचाई नहीं हो पा रही थी, जिससे फसल बर्बादी की कगार पर पहुंच गई थी।
किसान द्वारा कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला, जिससे हताश होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही कार्यालय परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर में सिलेंडर ब्लास्ट का तांडव: चाय बनाते समय घर में हुआ धमाका, पति की मौत, पत्नी और बच्चों समेत 10 घायल
धाराशिव में खूनी रंजिश: जमीन विवाद में चाचा ने की 21 वर्षीय भतीजे की हत्या, सोते समय पेट में घोंपा चाकू
अमरावती मनपा स्कूलों के लिए 45 करोड़ मंजूर; पालकमंत्री बावनकुले ने दिए विकास कार्यों और सौर ऊर्जा के निर्देश
PM का संदेश विपक्ष के लिए बड़ा तमाचा; DCM शिंदे का कड़ा बयान, महिलाओं के अपमान का जवाब देगी जनता
मौके पर पुलिस और स्थानीय विधायक गजानन लवटे पहुंचे। किसान ने साफ कहा कि जब तक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर आकर लिखित आश्वासन नहीं देते, वह नीचे नहीं उतरेगा।
विधायक लवटे ने तत्काल अधिकारियों को बुलाकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद महावितरण के सहायक अभियंता वैष्णव जाधव ने किसान को लिखित आश्वासन दिया कि आगे से नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। लिखित भरोसे के बाद किसान पेड़ से नीचे उतरा, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
किसानों के साथ खड़ा हूं
विधायक गजानन लवटे ने कहा कि वे हमेशा किसानों के साथ खड़े हैं और किसी भी समस्या के लिए किसान सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि बिजली समस्या के स्थायी समाधान के लिए 15 करोड़ रुपये के नए सबस्टेशन की मांग की गई है।
10 घंटे बिजली का आश्वासन
महावितरण के सहायक अभियंता वैष्णव जाधव ने बताया कि किसानों को प्रतिदिन 10 घंटे बिजली आपूर्ति देने का लिखित आश्वासन दिया गया है। साथ ही भविष्य में ऐसी समस्या न हो, इसके लिए नया सबस्टेशन प्रस्तावित है और आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए विशेष सावधानी बरती जाएगी।
- बिजली बाधित होने से सिंचाई ठप
- तरबूज की फसल बर्बादी के कगार पर
- शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं
- आत्महत्या का प्रयास, लेकिन समय पर हस्तक्षेप
- लिखित आश्वासन के बाद मामला शांत
