तरबूज भरने जा रहे थे मजदूर, बिछ गई लाशें! धारणी में खाई में गिरी मजदूरों से भरी पिकअप, 2 की मौत, 6 गंभीर घायल

Dharni Paratwada Road Accident: धारणी-परतवाड़ा मार्ग पर भीषण हादसा! लवादा गांव के पास खाई में गिरी पिकअप, 2 मजदूरों की मौत, 6 घायल। विधायक केवलराम काले ने जाना घायलों का हाल।
Tragic accident near Lavada village, Dharni: Pickup van carrying laborers plunges into a gorge near Alai river. 2 dead, 6 injured. MLA Kevalram Kale visits hospital.
धारणी–परतवाड़ा मार्ग पर भीषण हादसा (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Melghat Pickup Van Crash: धारणी तहसील के लवादा गांव के पास अलई नदी के पुल के समीप मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मजदूरों को लेकर जा रही पिकअप गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मृतकों में समाय चुनीलाल सावलकर (40, लवादा) और मालती मीठाराम भिलावेकर (18) शामिल हैं। एक ही गांव के दो लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। इस हादसे में चालक राम रवींद्र कोल्हे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें धारणी उपजिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अमरावती रेफर किया गया है।

कैसे हुआ हादसा

अन्य घायलों में सुष्मिता रामचरण जांभेकर (20), अस्मिता रामेश्वर जांभेकर (16), ममता राजेश कासदेकर (26) सहित अन्य शामिल हैं, जिनका इलाज धारणी के उपजिला अस्पताल में जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी मजदूर सुबह तरबूज-खरबूज भरने के लिए पिकअप से खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अलई नदी के पुल के पास वाहन का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और पिकअप सीधे खाई में जा गिरी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इस बीच विधायक केवलराम काले ने उपजिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों से उपचार की जानकारी लेकर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

सड़क सुरक्षा पर सवाल

इस घटना के बाद मेलघाट क्षेत्र में सड़क सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। उल्लेखनीय है कि करीब एक महीने पहले रानी गांव-कंजोली क्षेत्र में भी इसी तरह पिकअप खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हुई थी। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। पहाड़ी और खतरनाक सड़कों वाले मेलघाट क्षेत्र में लगातार बढ़ते हादसों के बीच परिवहन और पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com