धामणगांव में छात्राओं को साइबर सुरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण, 600 से अधिक छात्राएं शामिल

Cyber Safety Awareness: धामणगांव रेलवे के हीराबाई गोयनका कन्या विद्यालय में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। दत्तापुर पुलिस के अधिकारियों ने 600 से अधिक छात्राओं को जानकारी दी।
dhamangaon cyber security workshop girls school
धामणगांव साइबर सुरक्षा- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Dhamangaon Cyber Security Workshop: अमरावती जिले के धामणगांव एज्युकेशन सोसायटी द्वारा संचालित हीराबाई गोयनका कन्या विद्यालय में छात्राओं को साइबर अपराधों से जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर सुरक्षा परामर्श कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में दत्तापुर पुलिस स्टेशन के एपीआई गजानन गजभारे तथा एलएचसी माधुरी पुसदकर ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की मुख्याध्यापिका सुनीता देशपांडे द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत करने से हुई।

हीराबाई गोयनका विद्यालय में साइबर सुरक्षा कार्यशाला

एपीआई गजानन गजभारे ने छात्राओं से संवाद करते हुए किशोरावस्था में होने वाले आकर्षण, सेल्फी के दुष्परिणाम, सोशल मीडिया पर दोस्ती का गलत फायदा, फोटो और चैट वायरल करने की धमकियों, ब्लैकमेलिंग तथा साइबर अपराधों के विभिन्न पहलुओं पर सरल भाषा में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि वे अपने फोटो और निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की परेशानी या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत 112 हेल्पलाइन पर कॉल करें या निकटतम पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।

पुलिस ने साझा किए अहम सुझाव

विद्यालय की मुख्याध्यापिका सुनीता देशपांडे ने छात्राओं को जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने, मोबाइल के दुष्प्रभावों से बचने तथा विशेष रूप से बाहर से आने वाली छात्राओं को बस और वैन से यात्रा के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी।

उन्होंने विद्यालय परिसर और उसके बाहर भी सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतने का आग्रह किया। कार्यशाला में कक्षा 8 से 10 तक की 600 से अधिक छात्राओं, शिक्षकशिक्षिकाओं तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार अनूप चरपे ने किया।

Navbharat Live
navbharatlive.com