Daryapur PWD Office News: दर्यापुर शहर के मध्य स्थित जिला परिषद सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) का कार्यालय इन दिनों अपने मूल प्रशासनिक कार्यों से अधिक अव्यवस्थित पार्किंग स्थल के रूप में चर्चा में है। कार्यालय परिसर में बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण यहां आने वाले नागरिकों और कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि वरिष्ठ अधिकारी इस समस्या से अनभिज्ञ बने हुए हैं।
उपअभियंता कक्ष के सामने आम नागरिकों के बैठने के लिए बनाए गए टीन शेड का उपयोग अब दुपहिया वाहनों की पार्किंग के रूप में किया जा रहा है। जहां लोगों को बैठने की सुविधा मिलनी चाहिए, वहां वाहनों का कब्जा देखने को मिल रहा है, जिससे आमजन को असुविधा झेलनी पड़ रही है।
कार्यालय परिसर के प्रवेश द्वार, सीढ़ियों और आवागमन के रास्तों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की अनियंत्रित भीड़ लगी रहती है। हालात ऐसे हैं कि काम से आने वाले नागरिकों को पहले वाहनों के बीच से रास्ता बनाना पड़ता है। ऐसे में आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस या अग्निशमन वाहन के प्रवेश को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार यह समस्या पिछले कई महीनों से बनी हुई है। कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। नियमों के अभाव और लापरवाही के चलते कार्यालय की छवि धूमिल हो रही है।
स्थानीय लोगों ने वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए परिसर में पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान तय करने और अनुशासन बनाए रखने हेतु सख्त नियम लागू करने की मांग की है, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।