चिखलदरा में टला बड़ा हादसा: तीखे मोड़ पर अनंत्रित होकर खाई के किनारे लटकी पर्यटकों की कार, सभी सुरक्षित बचे
Chikhaldara Car Accident: अमरावती के चिखलदरा में पर्यटकों की एक एसयूवी अनियंत्रित होकर गहरी खाई के किनारे लटक गई। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ से मानव श्रृंखला बनाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बचाया।
- Written By: रूपम सिंह
चिखलदरा टला बड़ा हादसा (सोर्स - सोशल मिडिया)
Amravati Chikhaldara Car Accident: विदर्भ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चिखलदरा में रविवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब पर्यटकों से भरी एक एसयूवी (SUV) अनियंत्रित होकर गहरी खाई के किनारे जा लटकी। वाहन का अगला हिस्सा खाई की ओर हवा में झूल रहा था, जिससे कार में सवार लोगों की सांसें थम गईं। हालांकि स्थानीय नागरिकों और राहगीरों की तत्परता तथा साहस के कारण सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और संभावित बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ मित्र गर्मी से राहत पाने और चिखलदरा की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के लिए वहां पहुंचे थे। वे घाट मार्ग से गुजर रहे थे, तभी एक तीखे मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया। देखते ही देखते एसयूवी सड़क से फिसलकर खाई के किनारे पहुंच गई और उसका अगला हिस्सा हवा में लटक गया। वाहन किसी तरह सड़क के किनारे अटक गया, अन्यथा वह सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर सकता था।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए राहत कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने मानव श्रृंखला बनाकर वाहन को सहारा दिया, ताकि उसका संतुलन न बिगड़े। इसके बाद कार में फंसे पर्यटकों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस समय घटनास्थल पर बेहद तनावपूर्ण माहौल था और सभी को वाहन के किसी भी क्षण नीचे गिरने की आशंका सता रही थी।
सम्बंधित ख़बरें
ठाणे के तीन हाथ नाका को जाम से मिलेगी मुक्ति: डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने किया कई विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन
खाकी व फर्जी पत्रकार की मिलीभगत बेनकाब: व्यवसायी से 1 करोड़ की लूट मामले में, फरार पुलिसकर्मियों की तलाश जारी
पुणे में बारिश के बीच बढ़ा डेंगू का खतरा, जुलाई में मिले 192 संदिग्ध मरीज; PMC ने नागरिकों को किया सतर्क
महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज: मुंबई-ठाणे में यलो तो रायगढ़ में ऑरेंज अलर्ट, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम
ये भी पढ़ें :- गड़चिरोली: अहेरी के कर अधिकारी वैभव पांढरे पर जानलेवा हमला, पूर्व जिप अध्यक्ष अजय कंकडालवार पर केस दर्ज
काफी मशक्कत और सावधानी के बाद सभी यात्रियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय अमरावती प्रशासन और पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लिया।
इस घटना ने एक बार फिर घाटी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने की आवश्यकता को रेखांकित किया है। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि विशेष रूप से मानसून और पर्यटन सीजन के दौरान घाट मार्गों पर वाहन धीमी गति से चलाएं, तीखे मोड़ों पर अतिरिक्त सावधानी बरतें तथा यातायात नियमों का पालन करें।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ, साहस और त्वरित कार्रवाई के कारण चिखलदरा अमरावती में एक बड़ा अनर्थ टल गया। यह घटना मानवता और सामूहिक प्रयास का भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।
