Amravati News: अमरावती के बडनेरा में ट्रैफिक पुलिस नदारद, जय हिंद चौक और बस डिपो पर हादसों का खतरा

Jai Hind Chowk Badnera: अमरावती के बडनेरा में जय हिंद चौक और बस डिपो पर 15 दिनों से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती नहीं है। नागरिकों ने हादसों की आशंका जताकर तत्काल पुलिस तैनाती की मांग की।
badnera traffic police absence jai hind chowk bus depot
बडनेरा ट्रैफिक पुलिस (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Amravati Traffic Management: बडनेरा शहर के अत्यंत व्यस्त और संवेदनशील माने जाने वाले जय हिंद चौक और बस डिपो क्षेत्र के ट्रैफिक पुलिस 'फिक्स प्वाइंट' पिछले १५ दिनों से लावारिस छोड़ दिए गए हैं। पहले इन मुख्य प्वाइंट्स पर नियमित रूप से दो यातायात कर्मचारी तैनात रहते थे। हालांकि, हाल ही में हुए तबादले और बदलावों के बाद से इस प्वाइंट से पुलिसकर्मी गायब हैं। ऐसे में स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है।वे सवाल उठा रहे हैं कि यदि कोई बड़ी दुर्घटना घटित होने के बाद पुलिस प्रशासन जागेगा।

​जय हिंद चौक पर हादसों की आशंका

जय हिंद चौक बडनेरा शहर का व्यस्ततम मुख्य आवागमन मार्ग है। इस चौक से सटकर ही नगर निगम कार्यालय, रेलवे गेट, शासकीय अनाज गोदाम, नर्सरी स्कूल और आगे कॉलेज स्थित हैं। अनाज गोदाम के कारण इस क्षेत्र में भारी और ओवरलोडेड ट्रकों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। इसी चौक पर पहले भी एक तेज रफ्तार ट्रक ने छह लोगों को कुचल दिया था, जो एक बेहद दर्दनाक हादसा था और पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है। इस प्वाइंट पर लगातार छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। ​इसके अलावा, हर सोमवार को यहां बड़ा साप्ताहिक बाजार लगता है, जहां खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में आसपास के गांवों से नागरिक यहां आते हैं। इतने संवेदनशील स्थान और भीड़ वाले दिन भी कोई यातायात पुलिसकर्मी तैनात न रहने से सोमवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है।

badnera traffic police absence jai hind chowk bus depot
Akola News: हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिला परिषदों में जवाबदेही बढ़ी, 7 दिन में निपटेंगे लंबित आवेदन

​बस डिपो क्षेत्र में भी यही हाल

कमोबेश यही गंभीर स्थिति बस डिपो क्षेत्र की भी है। डिपो के दोनों ओर बड़ी घनी बस्ती है। स्थानीय निवासियों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को अपने दैनिक काम के लिए यह मुख्य सड़क पार करके ही जाना पड़ता है। लेकिन डिपो के पास भी ट्रैफिक पुलिस न होने से वाहन बेलगाम रफ्तार से दौड़ते हैं, जिससे सड़क पार करते समय लोगों को हरदम अकस्मात का डर बना रहता है।

​प्रशासन की लापरवाही से नागरिकों में भारी गुस्सा

पिछले १५ दिनों से इन दोनों प्वाइंट्स पर एक भी कर्मचारी की तैनाती न होने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। नागरिकों का कहना है, "क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे या जनहानि का इंतजार कर रहा है। अगर इन प्वाइंट्स पर कोई अप्रिय घटना घटती है या किसी की जान जाती है, तो क्या पुलिस प्रशासन इसकी जिम्मेदारी लेगा। ​बडनेरा के निवासियों ने यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान दिया जाए और जय हिंद चौक तथा बस डिपो, दोनों स्थानों पर पहले की तरह स्थायी रूप से पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की जाए।

Navbharat Live
navbharatlive.com