Amravati News: बडनेरा रेलवे पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए गीतांजली एक्सप्रेस में हुई मोबाइल चोरी का मामला कुछ ही घंटों में सुलझा लिया. पुलिस ने 32 हजार रुपये कीमत का मोबाइल बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार विशाल वानखेडे अपनी पत्नी के साथ शेगांव से बडनेरा की यात्रा कर रहे थे.
ट्रेन के जनरल डिब्बे में चढ़ते समय भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने उनके जेब से सैमसंग कंपनी का मोबाइल चोरी कर लिया. यह मोबाइल उनकी पत्नी ने कुछ दिन पहले जन्मदिन पर उपहार में दिया था, जिससे इसका भावनात्मक महत्व भी था. घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने बडनेरा रेलवे पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की.
सहायक पुलिस निरीक्षक अर्चना गाढवे के मार्गदर्शन में टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान अकोला निवासी इरफान शहा के पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद हुआ. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. तेजी से कार्रवाई करते हुए मोबाइल बरामद करने पर पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया है. इस कार्रवाई से रेलवे यात्रियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है.