होटल में नाबालिग से 'बैड टच', अमरावती पुलिस ने 24 घंटे में दाखिल की चार्जशीट

Amravati News: अमरावती के बियाणी चौक की होटल में टीचर्स डे कार्यक्रम में गई नाबालिग से छेड़छाड़ हुई। गाडगेनगर पुलिस ने 24 घंटे में जांच कर विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल की।
Amravati News
(प्रतीकात्म्क तस्वीर)
Published on: 
Updated on: 

Amravati Crime News: अमरावती शहर के बियाणी चौक स्थित एक होटल में 'टीचर्स डे' कार्यक्रम में शामिल होने गई एक नाबालिग लड़की के साथ 'बैड टच' कर उसके साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद गाडगेनगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए, महज 24 घंटे के भीतर जांच पूरी कर विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है।

यह घटना तब हुई जब पीड़िता अपनी मां के साथ होटल में आयोजित 'टीचर्स डे' कार्यक्रम में गई थी। भोजन के दौरान, जब वह हाथ धोने के लिए वॉशरूम गई, तो होटल के एक कर्मचारी अजय राजकुमार गवई (40, निवासी प्रबुद्धनगर, वडाली, अमरावती) ने उसके साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता ने तुरंत अपनी मां को यह बात बताई। इसके बाद, परिजनों और अन्य लोगों ने होटल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें आरोपी कर्मचारी अजय गवई की पहचान हुई।

पोक्सो के तहत की कार्रवाई

शिकायत के आधार पर, गाडगेनगर पुलिस ने पोक्सो अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए, आरोपी के खिलाफ विशेष सत्र न्यायालय में दोषारोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल किया है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त अरविंद चावरिया, सहायक पुलिस आयुक्त शिवाजी बचाटे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अतुल वर, विजया पंधरे और समाधान वाठोरे के मार्गदर्शन में की गई। जांच का कार्य पुलिस उपनिरीक्षक सुषमा आठवले ने पुलिस उपनिरीक्षक सोनाली सोनवणे और पुलिस कर्मचारी अमर तायडे के सहयोग से पूरा किया। पुलिस की इस तत्परता की सराहना की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com